Betul road accident: बैतूल में सड़क हादसे; पिकअप और बाइक की टक्कर से 2 लोगों की दर्दनाक मौत
विजय सावरकर, मुलताई (Betul road accident)। बैतूल जिले के मुलताई और आमला थाना क्षेत्र में 2 सड़क हादसे हो गए। मुलताई में ग्राम सिवनपानी मासोद मार्ग पर पिकअप जीप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं आमला थाना क्षेत्र में एक बाइक की टक्कर से सब्जी विक्रेता की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मासोद निवासी शिशुपाल पिता गोवर्धन मायवाड़ 36 साल शुक्रवार को शाम में बाइक पर सवार होकर ग्राम सिवनपानी से मासोद की ओर आ रहे थे। इसी बीच ग्राम डोंगरपुर के पास विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही पिकअप जीप के चालक ने शिशुपाल की बाइक को टक्कर मार दी।
सिर में गंभीर चोट आने से मौत
टक्कर से शिशुपाल बाइक समेत दूर जाकर गिरे। दुर्घटना में सिर में गंभीर चोट आने से बाइक चालक शिशुपाल की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया था। राहगीरों ने डायल 100 पर दुर्घटना की सूचना दी।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना पर मासोद पुलिस चौकी के प्रधान आरक्षक आलोक पटेल और आरक्षक मेहमान कवरेती घटना स्थल पर पहुंचे। शव को उठाकर प्रभातपट्टन के अस्पताल पहुंचाया। शनिवार को शव का पोस्ट मार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया।
पुलिस ने की पिकअप जीप बरामद
प्रधान आरक्षक आलोक पटेल ने बताया मर्ग कायम कर पिकअप जीप को बरामद किया है। पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज पिकअप स्वामी को जानकारी जुटाई जा रही है। पोला पर्व के दिन हुई दुर्घटना में युवक की मौत से ग्राम में शोक का माहौल बन गया।
पंखा मार्ग पर सब्जी विक्रेता को मारी टक्कर
एक अन्य हादसे में आमला थाना क्षेत्र में सब्जी बेचकर आ रहे एक व्यक्ति को बाइक ने टक्कर मार दी। घटना के एक दिन बाद आज उसकी मौत हो गई। परिवार में कमाने वाला वही था। उसकी मौके के बाद परिवार के पास भरण पोषण की समस्या खड़ी हो गई है।

शुक्रवार शाम को हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम पंखा मार्ग पर यह सड़क हादसा हुआ। जुनापानी साईखेड़ा निवासी मुन्ना पिता फगना कवड़े (52) सब्जी बेचकर आमला से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो हुए थे।
एंबुलेंस बुलाकर भिजवाया अस्पताल
प्रत्यक्षदर्शियों ने इस बारे में बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि मुन्ना कवड़े सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया। वहां देर रात तक इलाज चलता रहा, लेकिन आज शनिवार उनकी मौत हो गई।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



