Jansunvai : आज बैतूल के चंद्रशेखर वार्ड में लगेंगी विधायक डागा की चौपाल, श्रीराम मंदिर जनसहभागिता अभियान भी चलेगा

बैतूल विधायक निलय विनोद डागा आज गुरुवार को चंद्रशेखर वार्ड में श्री राममंदिर निर्माण सहभागिता अभियान के साथ ही चौपाल लगाकर जनता की समस्या सुनेंगे। विधायक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार श्री डागा आज सायं 6 बजे चन्द्रशेखर वार्ड के हनुमान मन्दिर में पूजन आरती के बाद श्री राम मंदिर निर्माण सहभागिता अभियान का शुभारंभ करेंगे।
वे राम भक्तों के साथ संजय व्यास की गली से सुनील टेकाम, दिपेश खातरकर, छोटु पाठक, साई मन्दिर, ओम साहू, महेंद्र पंडोले, प्रकाश धोटे, गोलू राठौर, दीवानजी, दीपू सोनी, रितुराज वर्मा, बाबा वराठे के निवास से तरुण ट्रेडर्स पर पहुंचकर अभियान को विराम देंगे।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस विधायक निलय डागा लगातार ना सिर्फ जनता के बीच पहुंच रहे हैं बल्कि उनकी समस्याएं सुनकर निराकरण करने का प्रयास भी कर रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र के ग्रामों में अपने विधायक को देखकर आमजन भी उनका अभिनंदन कर रहे हैं। वहीं विधायक की जन चौपाल में शामिल होकर अपनी समस्या से उन्हें अवगत करा रहे हैं।
कोलगांव में चौपाल लगाकर सुनी समस्या
विधायक निलय विनोद डागा अपने संकल्प अनुसार राम जन्मभूमि अयोध्या में बनने वाले भव्य श्री राम मंदिर के लिए विधानसभा क्षेत्र में जन सहभागिता अभियान चला रहे हैं। इस दौरान वे विभिन्न ग्रामों में अभियान के तहत जनमानस से एक-एक रुपए का सहयोग एकत्रित कर रहे हैं।
इसके पीछे उनकी मंशा यह है कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक सीधे राम मंदिर निर्माण से जुड़ सकें। मंगलवार भी उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोलगांव में सहभागिता अभियान के साथ ही जन चौपाल लगाकर समस्याएं सुनी व उसका त्वरित निराकरण करने का प्रयास किया।



