MP SI Subedar Bharti 2025: मध्यप्रदेश में सब इंस्पेक्टर और सूबेदार के 500 पदों पर भर्ती, ऐसे करें आवेदन
MP SI Subedar Bharti 2025: मध्यप्रदेश में सब इंस्पेक्टर और सूबेदार के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य कर्मचारी चयन मंडल ने इन पदों के लिए विस्तृत नियम पुस्तिका जारी कर दी है और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 अक्टूबर से शुरू होगी। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 500 पदों को भरा जाएगा। उम्मीदवारों को आवेदन प्रक्रिया, योग्यता, आयु सीमा और परीक्षा से जुड़ी सभी जानकारियां आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त करनी होंगी।
10 नवंबर तक किए जा सकेंगे आवेदन
इस भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 नवंबर तय की गई है। उम्मीदवार 15 नवंबर तक अपने आवेदन पत्र में सुधार कर सकेंगे। मंडल ने परीक्षा की तारीख भी घोषित कर दी है। इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 9 जनवरी 2026 से दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा की विस्तृत समय सारणी बाद में जारी की जाएगी।

किस वर्ग के लिए कितने पद
कुल 500 पदों में से सूबेदार के 28 पद, उप निरीक्षक सामान्य ड्यूटी (विशेष सशस्त्र बल) के 95 पद और उप निरीक्षक सामान्य ड्यूटी (विशेष सशस्त्र बल के अलावा) के 377 पद शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेज़ सत्यापन के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन शुल्क का निर्धारण
- भर्ती के लिए आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग और अनारक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपए रखा गया है। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्मीदवारों को 250 रुपए शुल्क देना होगा।
- विभागीय परीक्षा में भाग लेने वाले अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपए और एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 100 रुपए तय किया गया है। यह छूट केवल मध्यप्रदेश के मूल निवासियों को दी जाएगी।

वेतनमान और अन्य शर्तें
सूबेदार और उप निरीक्षक के पदों के लिए वेतनमान 36200 से 114800 रुपये निर्धारित किया गया है। यह वेतनमान सातवें वेतनमान आयोग के अनुसार होगा। ऐसे उम्मीदवार जो मध्यप्रदेश के स्थायी निवासी नहीं हैं, वे केवल अनारक्षित वर्ग के पदों पर आवेदन कर सकेंगे। उन्हें आरक्षण या आयु में छूट का कोई लाभ नहीं मिलेगा। उनकी अधिकतम आयु सीमा आवेदन की अंतिम तिथि यानी 10 नवंबर 2025 को 33 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
शैक्षणिक योग्यता
इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री या उसके समकक्ष योग्यता होना आवश्यक है। शैक्षणिक योग्यता में किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले नियम पुस्तिका ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
परीक्षा केंद्र और प्रक्रिया
लिखित परीक्षा प्रदेश के 12 प्रमुख शहरों में आयोजित की जाएगी। इनमें भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रीवा, रतलाम, सागर, सतना, सीधी, उज्जैन और अनूपपुर शामिल हैं। परीक्षा का स्वरूप वस्तुनिष्ठ रहेगा और इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
आयु सीमा में किसे कितनी छूट
- मध्यप्रदेश के अनारक्षित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष रखी गई है। अन्य राज्यों के पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए भी यही सीमा लागू होगी। मध्यप्रदेश की सभी श्रेणियों की महिला उम्मीदवारों को 38 वर्ष तक आवेदन की अनुमति दी गई है।
- राज्य के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के पुरुष व महिला उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 38 वर्ष तय की गई है। इसके साथ ही, राज्य के निगम, मंडल या स्वशासी संस्थानों में कार्यरत कर्मचारी और नगर सैनिक भी 38 वर्ष की आयु तक आवेदन कर सकेंगे।
विशेष श्रेणियों के लिए आयु सीमा
- जिन पुरुष उम्मीदवारों ने आरक्षित या अनारक्षित वर्ग के साथ अंतरजातीय विवाह किया है, उन्हें 38 वर्ष की आयु तक आवेदन की अनुमति होगी। वहीं, ऐसी महिला उम्मीदवार जो अनारक्षित या आरक्षित वर्ग में अंतर्जातीय विवाह कर चुकी हैं, वे 43 वर्ष तक आवेदन कर सकेंगी।
- विक्रम पुरस्कार विजेताओं के लिए भी आयु सीमा में विशेष छूट दी गई है। अनारक्षित वर्ग के पुरुष विजेताओं के लिए अधिकतम आयु 38 वर्ष और महिला विजेताओं के लिए 43 वर्ष रखी गई है। वहीं आरक्षित वर्ग के विक्रम पुरस्कार विजेता पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 43 वर्ष तय की गई है।
केवल ऑनलाइन आवेदन ही मान्य
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले मंडल की वेबसाइट www.esb.mp.gov.in से नियम पुस्तिका डाउनलोड करें और सभी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। आवेदन केवल एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। निर्धारित तिथि के बाद कोई आवेदन मान्य नहीं होगा। भर्ती से संबंधित सभी नवीनतम जानकारी कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर समय-समय पर उपलब्ध कराई जाएगी।
- यहां देखें राज्य कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जारी विस्तृत नियम पुस्तिका: यहां क्लिक करें
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



