Cheating : बैतूल के मिलानपुर की महिला से छिंदवाड़ा में 39 लाख की ठगी, पैसा दोगुना करने का दिया था लालच, पांच आरोपियों पर FIR

बैतूल। पैसा दोगुना करने का लालच ही कुछ ऐसा होता है कि पढ़े-लिखे और समझदार लोग भी झांसे में आने से नहीं बचते। कुछ लोग तो इस मकड़जाल में फंस कर लाखों रुपए तक गवां बैठते हैं।
बैतूल ब्लॉक के मिलानपुर गांव की एक महिला के साथ भी ऐसा ही हुआ है। पैसा दोगुना करने का लालच देकर उससे थोड़े-बहुत नहीं बल्कि 39 लाख रुपए ठग लिए गए। महिला को जब दोगुनी रकम नहीं मिली तो उसने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ 420 का मामला पंजीबद्ध किया है।
बैतूल जिले के मिलानपुर गांव की निवासी ज्योति पति गिरीश कापसे कुछ सालों से छिंदवाड़ा में रह रही है। गुलाबरा में मिराजुद्दीन उर्फ मिज्जू लाला के पड़ोस में रहने के दौरान पारिवारिक संबंध में बन गए थे। मिराजुद्दीन उर्फ मिज्जू लाला और पत्नी सलमा पति मिराजुद्दीन खान ने ज्योति को डेढ़ साल पहले पैसा डबल करने का लालच दिया था। विश्वास जमाने के लिए आरोपी दंपति ने 80 हजार रुपए लेकर 1 लाख 60 हजार रुपए लौटाए भी थे।
इसके बाद तुकड़ों में महिला से जेवर व नकद मिलाकर 39 लाख रुपए हड़प लिए। लेकिन यह रकम दोबारा नहीं लौटाई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी सलमा पति मिराजुद्दीन, मिराजुद्दीन उर्फ मिज्जू लाला, सिफा पिता मिराजुद्दीन खान सभी निवासी गुलाबरा, आमाबोह निवासी यूनुस और छिंदवाड़ा निवासी बिलाल के खिलाफ धारा 420, 406, 34 के तहत अपराध दर्ज किया है।
करुणा हॉस्पिटल : बगैर अनुमति और धोखाधड़ी से खरीदी थी सोनोग्राफी मशीन, एक और एफआईआर दर्ज



