Betul Congress News: धरना देने पर एफआईआर, कांग्रेसियों पर दर्ज मामला वापस लेने की मांग, युवक कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
Betul Congress News: FIR on picketing, demand to withdraw the case registered against Congressmen, Youth Congress submitted memorandum

अंकित सूर्यवंशी, आमला
Betul Congress News: विगत दिनों युवक कांग्रेस के बैनर तले विकासखंड के ग्राम बोरी खुर्द में ग्राम बोरी से सारणी मार्ग निर्माण की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया था। जिसके बाद पुलिस प्रशासन द्वारा युवक कांग्रेस एवं ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष व प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि सहित लगभग दो दर्जन से अधिक कांग्रेस नेताओं पर मामला दर्ज कर दिया गया। इसके विरोध में जिले में ज्ञापन के माध्यम से दर्ज मामला वापिस लेने की मांग की जा रही है।
इसी तारतम्य में युवक कांग्रेस बोरदेही ब्लाक अध्यक्ष शुभम साहू के नेतृत्व में युवक कांग्रेस कार्यकर्ता पदाधिकारियों द्वारा शुक्रवार को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें आमला में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों पर दर्ज मामले को वापस लेने की मांग की गई। युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि युवा कांग्रेस आमला के बैनर तले जनहित में बोरी-सारणी मार्ग के सुधार को लेकर किये गये आंदोलन की विधिवत सूचना प्रशासन को 3 दिन पूर्व दे दी गई थी। साथ ही धरना स्थल पर नायब तहसीलदार आमला द्वारा ज्ञापन लेने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया था। गंभीर एवं जनहित के मुद्दे पर प्रशासन को पूर्व सूचना देकर धरना देने पर भी पुलिस प्रशासन द्वारा धरने पर बैठे कांग्रेसजनों पर एफआईआर दर्ज कर दी गई। वहीं पूर्व में एबीव्हीपी के द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग को बिना किसी सूचना के जाम कर दिया गया था। उन पर आज तक कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया।
यहां दो तरह की पुलिस प्रशासन की पक्षपात पूर्ण कार्यवाही स्पष्ट नजर आ रही है। सत्तापक्ष के दबाव में करीब दो दर्जन कांग्रेसियों पर धारा 341-ए के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जनहित के मुद्दों पर पूर्व सूचित कर दिये गये धरना आंदोलन में दर्ज प्रकरण में पुन: विवेचना कर खात्मा लगाया जाएं। ज्ञापन सौंपते समय बोरदेही ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेन्द्र चचड़ा, राजेंद्र मंडल, सचिन साहू, सचिन सूर्यवंशी, राजा सूर्यवंशी, सनी मंडल, मोहसिन खान, मनीष साहू, दुर्गेश साहू, निखिल साहू, सागर जैन, मुकेश सुरे, आशीष पंडोले, लकी सोनी, दिलीप पांडोले, सतीश वरवड़े, गोलू यदुवंशी, मोहिन खान, तोसिफ खान, राधेश्याम यदुवंशी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।



