betul news : स्कूल के औचक निरीक्षण में गैरहाजिर मिले शिक्षक, ग्रामीण बोले- महीने भर से नहीं आए
▪️ निखिल सोनी, आठनेर
मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के ग्रामीण अंचलों में स्कूलों की व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस के बार-बार सख्त निर्देशों के बावजूद अभी भी औचक निरीक्षण करने पर स्कूलों से शिक्षक गैरहाजिर और स्कूलों में कई तरह की अव्यवस्थाएं मिल रही हैं। ऐसा ही कुछ नजारा आठनेर ब्लॉक के ग्राम डंगरापटा गांव में स्थित प्राथमिक शाला में भी दिखा।
इस स्कूल का क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य रामचरण इरपाचे ने 23 दिसंबर को आकस्मिक निरीक्षण किया। श्री इरपाचे ने बताया कि इस दौरान यहां पर पदस्थ शिक्षक के लगभग 1 महीने से शाला में नहीं पहुंचने की शिकायत उनके समक्ष ग्रामीणों के द्वारा की गई है। जिला सदस्य श्री इरपाचे के द्वारा कहा गया कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में शिक्षा बदहाल स्थिति में बनी हुई है।

यहां पर पदस्थ शिक्षक बिना सूचना के एक महीने से गायब रहते हैं, लेकिन यहां के जिम्मेदार शिक्षा अधिकारियों को इस बात की सूचना नहीं है। इस मामले में अपनी ओर से जिला पंचायत सदस्य रामचरण इरपाचे ने यह भी बताया है कि अधिकांश स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था बदहाल स्थिति में संचालित हो रही है। शिक्षकों के द्वारा लगातार लापरवाही करने के कारण आदिवासी बच्चों का ठीक ढंग से अध्यापन कार्य नहीं हो रहा है।
हीरादेही में भी मिली लापरवाही
डंगरापटा स्कूल के अलावा उनके द्वारा अन्य ग्राम हीरादेही में स्थित शाला भवन का भी निरीक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि यहां पर भी उन्हें लापरवाही मिली है। उनके द्वारा इस मामले में कहा गया है कि वे जिला पंचायत सीईओ और कलेक्टर बैतूल से इस बारे में शिकायत करेंगे। साथ ही स्कूलों की व्यवस्था में सुधार की मांग करेंगे।
जिला पंचायत सदस्य की शिकायत पर संबंधित शालाओं में उक्त मामले में जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप कार्यवाही की जाएगी।
▪️ रामदास धाकड़, बीआरसी, जनपद शिक्षा केंद्र, आठनेर



