बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

प्रदेश के 40 लाख से ज्यादा किसानों के खातों में पहुंचेगी 7 हजार करोड़ से अधिक की बीमा राशि

  • उत्तम मालवीय, बैतूल © 9425003881
    शनिवार 12 फरवरी को बैतूल में होने वाले कार्यक्रम से पूरे प्रदेश के 40 लाख से ज्यादा किसानों को बड़ी सौगात मिलने वाली है। इस कार्यक्रम में सीएम शिवराजसिंह चौहान सिंगल क्लिक के जरिए मध्य प्रदेश के 40 लाख से ज्यादा किसानों के खातों में शनिवार को साढ़े सात हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंचाएंगे।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार खरीफ 2020 और रबी 2021 के प्रधानमंत्री फसल बीमा की राशि राज्य सरकार एक साथ बीमा कंपनियों से किसानों के खातों में जमा कराएगी। पहली बार किसी भी किसान को एक हजार रुपये से कम बीमा राशि नहीं मिलेगी। इसके लिए नियम में संशोधन किया गया है। यदि बीमा राशि कम बनती है तो अंतर की राशि राज्य सरकार मिलाकर किसान को न्यूनतम एक हजार रुपये देगी।

    प्रदेश में पिछले दो साल से लाखों हेक्टेयर क्षेत्र की खरीफ की फसल अतिवर्षा के कारण प्रभावित हो रही है। राजस्व परिपत्र पुस्तक (आरबीसी) के प्रावधानों के अनुसार तो किसानों को आर्थिक सहायता सरकार ने दी थी पर प्रधानमंत्री फसल बीमा अभी तक नहीं मिला था। फसल नुकसान का आकलन कर राजस्व और कृषि विभाग द्वारा मिलान करने के बाद प्रस्ताव बीमा कंपनियों को भेजा गया था, जिसे परीक्षण के बाद अंतिम रूप दे दिया गया है।

    कृषि मंत्री कमल पटेल के अनुसार इस बार नियम में संशोधन करके यह प्रावधान भी कर दिया है कि बीमा की राशि एक हजार रुपये से कम नहीं होगी। यदि किसी किसान की दावा राशि कम बनती है तो अंतर की राशि राज्य सरकार मिलाकर उसे न्यूनतम एक हजार रुपये का बीमा उपलब्ध कराया जाएगा। अंतर की राशि राज्य सरकार अलग से उपलब्ध कराएगी। वनग्रामों के पट्टाधारक किसानों को भी पहली बार बीमा मिलेगा। इसके लिए राज्य सरकार के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने योजना में प्रविधान कर दिया है।

    फसल बीमा की अभी तक मिली इतनी राशि
    वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू होने के बाद प्रदेश में 73 लाख 69 हजार 614 किसान लाभांवित हुए हैं। रबी सीजन 2019-20 तक किसानों को 16 हजार 750 करोड़ रुपये से अधिक बीमा राशि मिल चुकी है। सितंबर 2021 में खरीफ 2019 का फसल बीमा 20 लाख किसानों के खातों में चार हजार 688 करोड़ रुपये सिंगल क्लिक के माध्यम से मुख्यमंत्री ने अंतरित किए थे।

  • उत्तम मालवीय

    मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

    Related Articles

    Back to top button