बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

बडोरा में फिर लगा महाजाम, मक्का के सैकड़ों वाहन पहुंचे

  • उत्तम मालवीय, बैतूल
    मक्का की आवक शुरू होते ही बडोरा क्षेत्र में एक बार फिर यातायात सम्बंधी समस्याओं का अंबार लगने लगा है। आए दिन बडोरा क्षेत्र में जाम लगने लगा है। आज सुबह फिर महाजाम की स्थिति बन गई। आलम यह था कि सब्जी के वाहन भी भीतर नहीं जा पाए और जो भीतर चले गए, वो बाहर नहीं आ पाए। हर साल होने वाली इस समस्या के निदान के लिए कोई भी दल या संगठन भी आगे नहीं आ रहा है।
    मंडी में एक बार फिर मक्का की बंपर आवक शुरू हो गई है। इसके साथ ही परेशानियों का दौर भी शुरू हो गया है। मंडी में अव्यवस्था ना हो इसलिए मक्का की खरीदी के लिए 3 ही दिन तय कर दिए हैं, लेकिन इसके बाद भी समस्या हल नहीं हो पा रही है। अब जिस दिन मक्का खरीदी का दिन रहता है, उस दिन हालात बेकाबू हो जाते हैं। आज भी यही हुआ। बताया जाता है कि मक्का से भरे वाहनों की मंडी गेट से लेकर मुख्य सड़क पर दूर तक लंबी कतारें लगी थी। सुबह जब अन्य वाहनों की भी आवाजाही शुरू हुई तो जाम की स्थिति बन गई। ऐसे में वाहन काफी समय तक यहीं फंसे रहे और लोग परेशान होते रहे। कई बसें भी जाम में फंसी रहीं। दो दिन पहले भी बडोरा में यही स्थिति बनी थी। मंडी के बाहर ही नहीं बल्कि भीतर भी वाहनों की भरमार से जाम की स्थिति बन गई और सभी परेशान होते रहे।
  • सब्जी के वाहन भी फंस गए
    मंडी गेट से लेकर मुख्य मार्ग तक मक्का के वाहन ही खड़े थे। ऐसे में अन्य वाहनों के भीतर जाने को जगह ही नहीं बची थी। इसके चलते सब्जी लेकर आने वाले कई वाहन भी भीतर नहीं जा पाए। सब्जी के जो वाहन किसी तरह भीतर चले गए थे, वे बाहर नहीं आ पाए।

    समस्या पर सभी साधे हैं चुप्पी
    यह समस्या हर साल की हो गई है। इससे ना केवल किसान बल्कि आम लोगों को भी परेशान होना पड़ता है। इसके बावजूद इस समस्या के स्थायी निदान के लिए कोई भी आगे नहीं आ रहे हैं। जनप्रतिनिधियों, भाजपा किसान मोर्चा, किसान कांग्रेस या किसान संघ, किसी ने भी आज तक यह मुद्दा उठा कर निराकृत करवाने की जहमत नहीं उठाई। इससे समस्या कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है।

    उत्तम मालवीय

    मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

    Related Articles

    Back to top button