बैतूल जिले की 292 लोकेशन पर 17% तक बढ़ेंगे दाम, एक अप्रैल से पहले करा लें रजिस्ट्री

जिले में कुछ स्थानों पर आगामी एक अप्रैल से जमीनों के रेट में इजाफा हो जाएगा। यदि दामों में इस बढ़ोतरी से बचकर वर्तमान दरों पर ही जमीन खरीदना है तो इसके लिए एक अप्रैल से पहले रजिस्ट्री कराना होगा। जिले में पिछले 5 सालों से जमीन के दाम नहीं बढ़े थे, लेकिन इस बार 1 से 17% तक इजाफा होना तय है।
दरअसल, वर्ष 2022-23 हेतु नई गाइड लाइन बनाई जाना है। इसके लिए कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला मूल्यांकन समिति अमनबीर सिंह बैंस द्वारा मप्र बाजार मूल्य मार्गदर्शक सिद्धांतों का बनाया जाना और उनका पुनरीक्षण नियम 2018 के नियम 4 के अंतर्गत वर्ष 2022-23 हेतु अचल संपत्तियों के बाजार मूल्य उप जिला मूल्यांकन समितियों से बुलवाए गए थे।
जिला पंजीयक दिनेश कौशले ने बताया कि जिले में कुल 2249 लोकेशन हैं। उप जिला मूल्यांकन समितियों ने इनमें से 292 लोकेशन पर एक से लेकर 17 प्रतिशत तक दाम बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। यह दाम उन लोकेशन पर बढ़ाए जा रहे हैं जहां पर वर्तमान दरों से अधिक पर सौदे और रजिस्ट्री हो रही हैं।
उप जिला मूल्यांकन समितियों से प्राप्त प्रस्तावों पर जिला मूल्यांकन समिति द्वारा विचार उपरांत उप जिला मूल्यांकन समितियों द्वारा प्रस्तावित अनंतिम दरों को अनुमोदित किया गया है। यह अनुविभागीय अधिकारी एवं उप पंजीयक बैतूल, मुलताई, भैंसदेही के कार्यालयों के सूचना पटल पर जन साधारण के अवलोकन हेतु उपलब्ध है।
यदि किसी व्यक्ति को इस संबंध में कोई सुझाव प्रस्तुत करना हो तो तथ्यों सहित अध्यक्ष उप जिला मूल्यांकन समिति एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बैतूल, मुलताई, भैंसदेही, शाहपुर के समक्ष 17 फरवरी 2022 तक सायं 4 बजे तक प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित दिनांक एवं समय पश्चात् प्राप्त सुझावों पर विचार नहीं किया जा सकेगा।



