Betul Collector Action: बैतूल कलेक्टर का कड़ा एक्शन: नरखेड़ हाट बाजार में गंदगी मिलने पर सचिव का वेतन काटने के निर्देश
Betul Collector's Strict Action: Orders issued to deduct the Secretary's salary after filth was found at the Narkhed Haat Bazaar.

Betul Collector Action: बैतूल। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को ग्राम नरखेड़ में राशन दुकान, जिला सहकारी समिति, शासकीय विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। हाट बाजार में गंदगी मिलने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सचिव के वेतन में कटौती करने के निर्देश दिए।
विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता परखी
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला नरखेड़ के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से एनएमएस एवं ओलंपियाड की तैयारियों के संबंध में चर्चा की। साथ ही गणित विषय में वर्गमूल एवं घनमूल से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता परखी। विद्यार्थियों की तैयारी संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित शिक्षकों को शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए।
शासकीय हाई स्कूल नरखेड़ के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी रुचियों एवं भविष्य में निर्धारित लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान में वृद्धि के लिए नियमित रूप से जनरल नॉलेज संबंधी जानकारी देने के निर्देश प्राचार्य को दिए। शासकीय प्राथमिक शाला के निरीक्षण के दौरान विद्यालय की छत की मरम्मत कराने तथा बेस को मजबूत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने राशन दुकान एवं जिला सहकारी समिति के निरीक्षण के दौरान खाद्यान्न पर्ची, राशन के स्टॉक तथा समिति में उपलब्ध उर्वरकों की जानकारी ली।

आंगनवाड़ी में बच्चों से किया आत्मीय संवाद
आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनसे कविताएं सुनीं। उन्होंने एलईडी टीवी के माध्यम से बच्चों को दी जा रही शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा बच्चों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने पर के निर्देश दिए।
समूह की महिलाओं और ग्रामीणों से किया संवाद
ग्राम पंचायत नरखेड़ में कलेक्टर डॉ सोनवणे ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने समूह की महिलाओं से संचालित आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। महिलाओं द्वारा अपनी गतिविधियों के संचालन के लिए भवन उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन दिए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा सामुदायिक भवन में गंदगी की शिकायत किए जाने पर कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सचिव को साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर सुधार करने के निर्देश दिए।
ग्राम के विजय द्वारा मुआवजे की राशि नहीं मिलने की शिकायत किए जाने पर उन्होंने मुलताई एसडीएम को आवेदक की समस्या का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीण महेश द्वारा आवेदन देने के बाद भी अनुग्रह सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत पर उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से जानकारी ली तथा प्रकरण का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों द्वारा बिजली एवं सिंचाई से संबंधित समस्याओं पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसान चौपाल के माध्यम से जल उपलब्धता की स्थिति से अवगत कराते हुए उसी के अनुरूप फसलों का चयन करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

बोरगांव में पेयजल समस्या के निराकरण के निर्देश
ग्राम पंचायत बोरगांव में आयोजित जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने पंचायत के निर्माण कार्यों की लागत राशि की जानकारी सार्वजनिक नहीं किए जाने की शिकायत कलेक्टर डॉ. सोनवणे से की। इस पर कलेक्टर ने पंचायत सचिव से निर्माण कार्यों की लागत एवं पंचायत में उपलब्ध राशि के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल समस्या से भी अवगत कराया। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को पेयजल समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
- यह भी पढ़ें : Mohan Yadav Action: समाधान ऑनलाइन में सीएम मोहन यादव का सख्त एक्शन: 10 माह से मानदेय रोकने वाले जिला संयोजक निलंबित
प्राथमिक शाला में विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर जाना
शासकीय नवीन प्राथमिक शाला देवभिलाई के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अंग्रेजी एवं संस्कृत विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली तथा पढ़ाई में रुचि लेकर नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
- यह भी पढ़ें : Betul Patwari Suspended: बैतूल में लापरवाही पर प्रशासन सख्त: पीएम आवास, गिरदावरी और ई-केवाईसी में ढिलाई पर 8 पटवारी सस्पेंड
ग्राम पंचायत देवगांव में जलकर वसूली की समीक्षा
ग्राम पंचायत देवगांव में आयोजित जनसंवाद के दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने जलकर वसूली की प्रगति की जानकारी ली। जलकर वसूली में कम प्रगति पाए जाने पर उन्होंने ग्रामीणों को समय पर जलकर जमा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलकर वसूली में प्रगति लाने तथा ग्रामीणों को इसके प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



