FIR : कॉलोनाइजर ने बेच दिए बंधक रखे प्लॉट, नगर पालिका ने कराई एफआईआर

बैतूल की एक कॉलोनी के कॉलोनाइजर ने बंधक रखे प्लॉटों में से 2 प्लॉट अवैध रूप से बेच दिए। यह मामला सामने आने पर नगर पालिका ने कॉलोनाइजर के खिलाफ कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने कॉलोनाइजर के विरूद्ध धारा 406 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की है।
नगर पालिका बैतूल के सब इंजीनियर संजय सरेठा ने इस संबंध में कोतवाली थाना बैतूल में इस संबंध में आवेदन दिया था। आवेदन में बताया गया है कि अष्ट विनायक कॉलोनी बैतूल के प्रोपाइटर विवेक रंजन पिता सुरेन्द्र कुमार दुबे निवासी जबलपुर (पार्टनर व्हीआर कंस्ट्रक्शन) एवं नगर पालिका परिषद बैतूल का इकरारनामा है। जिसमें विवेक रंजन दुबे द्वारा प्लाट क्रमांक 1, 3, 52, 53, 70 71 72 73, 79, 80, 81 नगर पालिका के पास बंधक रखे गए हैं।
सब इंजीनियर श्री सरेठा ने बताया कि यह प्लॉट इसलिए बंधक रखे गए थे क्योंकि कॉलोनी में पूरे विकास कार्य नहीं कराए गए थे। बंधक रखे होने के बावजूद विवेक रंजन दुबे द्वारा अष्ट विनायक कॉलोनी में स्थित प्लॉट क्रमांक 53 एवं 71 को अवैध रूप से बेच दिया गया। इस पर नगर पालिका द्वारा शिकायत की गई। शिकायत पर पुलिस ने कॉलोनाइजर के खिलाफ धारा 406 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।



