Betul Accident News: ट्रेन की चपेट में आकर युवा ट्रक मालिक की दर्दनाक मौत, सुबह गया था मॉर्निंग वॉक पर
Betul Accident News: Tragic death of young truck owner after being hit by train, went on morning walk in the morning
Betul Accident News (बैतूल)। शहर के सदर इलाके में मंगलवार सुबह एक युवक का ट्रेन से कटा शव मिला है। युवक ट्रक मालिक है और मॉर्निंग वॉक पर गया था। सूचना पर जीआरपी ने युवक के शव का पीएम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया है। वह ट्रेन की चपेट में कैसे आया, यह जांच पड़ताल के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सचिन पिता सहदेव धोटे (26) निवासी उदय परिसर सदर मंगलवार सुबह 4 बजे के आसपास अपने घर से घूमने के लिए निकला था। उसकी सदर ब्रिज के पास स्थित रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। रेलवे ट्रेक के पास शव पड़े होने की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची। यहां युवक की शिनाख्त करने के बाद उसके परिजनों को इसकी सूचना दी गई। जिसके बाद शव जिला अस्पताल लाया गया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजनों ने जीआरपी को बताया है कि युवक सचिन खुद का ट्रक चलाता था। वह जब ट्रक पर नहीं जाता था तो सुबह 4 बजे के आसपास हमेशा घूमने के लिए जाता था। परिजनों का यह भी कहना है कि ट्रेन की चपेट में युवक कैसे आया, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। जीआरपी द्वारा मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। (Betul Accident News)



