Betul Accident News : बारातियों से भरी बोलेरो पलटी, दो अन्य सड़क हादसों में एक की मौत, तीन घायल
Betul Accident News: Bolero filled with processions overturned, one killed, three injured in two other road accidents

▪️ अंकित सूर्यवंशी, आमला
शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे मुलताई ब्लॉक से सारणी बारात लेकर जा रही बोलेरो जीप आमला ब्लॉक के ग्राम तिरमहू के पास दुर्घटना ग्रस्त हो गई। खैरियत यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। इसके अलावा जिले में हुई दो अन्य सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुलताई ब्लाक के दुनावा से सारणी बारात लेकर जा रहा बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी-48/टी-0792 आमला ब्लाक के ग्राम तिरमहू के पास पलट गया। बताया जाता है कि वाहन में 9 से 10 लोग बैठे हुए थे। वाहन के दुर्घटना ग्रस्त होने के बाद सभी यात्रियों को ग्रामीणों द्वारा सुरक्षित निकाल लिया गया।

मोटर साइकिलों की टक्कर में सोहन राठौर की मृत्यु
इधर बैतूल में जेएच कॉलेज में अपनी खास पहचान रखने वाले बैतूल बाजार निवासी सोहनलाल राठौर का बाइक दुर्घटना में निधन हो गया है। सोहन के निधन से बैतूल बाजार नगर में शोक व्याप्त है। घटना बीती रात 10 बजे की बताई जा रही है। बताया जाता है कि बैतूल बाजार से बैतूल के बीच गुल्हर देव के पास मोटर साइकिल और स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। सूचना के बाद एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पंहुचाया गया, जहां सोहन की मौत हो गई।
बैतूल बाजार निवासी सोहन लाल राठौर उम्र 50 वर्ष रात्रि में अपनी स्कूटी से बैतूल आ रहा था। उसी दौरान सामने से आ रही मोटर साइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें मोटर साइकिल चालक गुलाब पांसे निवासी खेड़ी कनारा गंभीर रूप से घायल हो गया और सोहन राठौर की मौत हो गई। मोटर साइकिल चालक गुलाब पांसे के साथ उसका साला भी था। वह भी हादसे में घायल हुआ है। यह दोनों सिंगनवाड़ी जा रहे थे। घायल गुलाब पांसे और उसके साले को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जेएच कॉलेज के पास फोटो कॉपी की दुकान का संचालन करने वाले सोहन राठौर युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय थे।
कनारा गांव में बेलगाम जीप ने युवक को मारी टक्कर, अस्पताल में कराया भर्ती
▪️ मनोहर अग्रवाल, खेड़ी सांवलीगढ़
समीपस्थ ग्राम कनारा निवासी एक मजदूर काम करके रोजाना की तरह कनारा लौटा था। इसी बीच महाराष्ट्र की एक बेलगाम चल रही जीप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिससे युवक दीपक पांसे बुरी तरह घायल हो गया। उसे रात्रि में ही परिजनों ने 108 वाहन से जिला अस्पताल पहुँचाया। जहां उसका उपचार चल रहा है। घायल युवक कनारा गांव का रहने वाला है। बीते 24 घंटे में यह दूसरी घटना है। इसके पूर्व देवगांव में भी एक सड़क किनारे खड़े वृद्ध को अज्ञात वाहन ने ठोस मार कर घायल कर दिया था। जिसे सिर में गंभीर चोट आने के कारण भोपाल रेफर किया गया है।



