fatal accidents : काल बन गया कुआं, धंसकने से एक की मौत, पांच गंभीर : इधर ट्रैक्टर की चपेट में आने से गई किसान की जान
▪️ उत्तम मालवीय, बैतूल
बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी ब्लॉक में एक निर्माणाधीन कुआं वहां काम कर रहे मजदूरों के लिए काल बन गया। मजदूर कुएं में उतर कर 25 से 30 फीट गहराई में काम कर रहे थे। इसी बीच कुआं धंसक गया और काम कर रहे मजदूरों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 5 मजदूर बुरी तरह से जख्मी हो गए। इधर बैतूल बाजार क्षेत्र के सोहागपुर ग्राम में गन्ना लोड करवाते समय ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घोड़ाडोंगरी ब्लॉक के बरेलीपार गांव में कुआं खुदाई का कार्य चल रहा था। मशीन से खुदाई के बाद मजदूर कुएं में उतरकर रिंग बना रहे थे। यह सभी करीब 25-30 फीट गहराई में रिंग बना रहे थे। हादसे में लालमन उइके (50) की मौत हो गई। वहीं दिनेश उइके, मुकेश उइके, शेर सिंह, कल्पना उइके, मोहनी उइके घायल हो गए। इन सभी को घोड़ाडोंगरी अस्पताल लाया गया है।
इधर सोहागपुर में किसान भगवानदास माथनकर (60) अपने खेत में हार्वेस्टर से गन्ना कटवा रहे थे। इसी दौरान गन्ना लोडिंग करने वाले ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। जिसमें भगवानदास का एक पैर टूट गया और सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।



