कर्मचारियों ने मनाया काला दिवस : चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान, फिर भी नहीं हुई मांग पूरी तो करेंगे बेमुद्दत हड़ताल
• उत्तम मालवीय, बैतूल
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिला बैतूल इकाई ने मजदूर दिवस पर आज एक मई को काला दिवस मनाया। इसके साथ ही अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान भी किया। इसके बाद भी यदि मांगें नहीं मानी जाती है तो वे बेमुद्दत हड़ताल पर चले जाएंगे। कर्मचारी उनके वेतनमान और आउटसोर्स का विरोध कर रहे हैं।
रविवार को प्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने इकट्ठे होकर काला दिवस मनाया। यह विरोध कर्मचारियों ने संघ की प्रमुख दो मांगों को लेकर मनाया है। जिसमें 5 जून 2018 की संविदा नीति के तहत संविदा कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों की भांति 90% वेतनमान दिया जाने और सपोर्ट स्टाफ जिनको आउटसोर्स कर दिया गया है, ऐसे समस्त निष्कासित कर्मचारियों को एनएचएम में वापस लिया जाएं, शामिल हैं।
संघ के जिला अध्यक्ष गोविंद साहू ने पत्रकार वार्ता में बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में कार्यरत 30000 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी इन मुख्य 2 मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। इस चरणबद्ध आंदोलन के बाद भी यदि मांगें पूरी नहीं की जाती है तो प्रदेश भर के सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। पत्रकार वार्ता में कोषाध्यक्ष दीपक झारिया, प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र उपराले, एकनाथ ठाकुर, डॉ. जयश्री अड़लक, डॉ. शैलेंद्र चौरे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस तरह होगा चरणबद्ध आंदोलन
• 10, 11 एवं 12 मई 2022 को सभी कर्मचारी कार्यस्थल पर कार्य करते हुए जनता से जनसमर्थन प्राप्त करेंगे।
• 13 एवं 14 मई को सभी जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगों के संदर्भ में बताएंगे।
• 16 मई को प्रदेश के सभी जिलों में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय के सामने काले गुब्बारे उड़ाकर सरकार का ध्यानाकर्षण करेंगे।
• 18 मई 2022 को प्रदेश के सभी जिलों में रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
• 19 मई को सभी जिलों के कर्मचारी ताली एवम थाली बजाकर सरकार का ध्यानाकर्षण करेंगे।
• इन सभी के बाद भी सरकार संघ की मांगों का निराकरण नहीं करती है तो उस स्थिति में प्रदेश के 30000 कर्मचारी 20 मई 2022 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
अध्यापक-शिक्षकों की न्यायोचित मांगों का शीघ्र हो निराकरण: डागा



