बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

Current lagne se maut : करंट लगने से गई दो जानें, आरूल में आम तोड़ने गए बालक और साईंखेड़ा में भैंस की हुई मौत

◼️ उत्तम मालवीय, बैतूल
बिजली कंपनी की लापरवाही से बैतूल जिले में बिजली के खंभों से करंट लगने से लोगों और मवेशियों की लगातार जान जा रही है। शुक्रवार को भी एक बालक और भैंस की करंट लगने से मौत हो गई। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम आरूल में एक बालक की जान चली गई। वहीं साईंखेड़ा गांव में एक भैंस की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम आरूल में अजय पिता मनोहर पंवार (8) आज दोपहर में अपने भाई के साथ आम तोड़ने गया था। आम का पेड़ घर के बगल में ही है। इस दौरान उसने अपने हाथ से बिजली के खंभे का एक्सटेंशन तार पकड़ लिया। यह तार हाथ में लेते ही उसे जोरदार करंट लगा। करंट लगने से मासूम बालक अजय की मौके पर ही मौत हो गई।

यह देख अजय के भाई ने परिवार के सदस्यों को जानकारी दी। उन्होंने बैतूल बाजार पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। बालक अजय की मौत से परिवार के सदस्यों का बुरा हाल है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व मुलताई क्षेत्र में भी बिजली का करंट लगने से दो बैलों की मौत हो गई थी।

साईंखेड़ा में भैंस की हुई मौत

बिजली के तारों की जांच करते हुए लाइनमेन।

◼️ दीनू पंवार, साईंखेड़ा
बैतूल जिले के ही साईंखेड़ा ग्राम में राधाकृष्ण चौक के पास लगे बिजली के खम्भे में आज अचानक करंट फैल गया। नाली के किनारे जल भराव होने के कारण करेंट रास्ते पर भी फैल गया। जिसके सम्पर्क में आने से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम के गुलाब पिता तुलसीराम पवार अपनी भैंस को लेकर खेत जा रहे थे। पवार मोहल्ले में रास्ते किनारे लगे बिजली के पोल के पास से वे गुजर रहे थे। इसी बीच उनको व उनकी भैंस को करंट लगा। जैसे ही उन्हें करंट का आभास हुआ, वे पीछे हट गए। उनकी भैंस ने करंट के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें… Bijli current se maut : बिजली करंट की चपेट में आने से दो बैलों की हुई मौत, हाल ही में खरीदी थी 60 हजार की जोड़ी

गुलाब पवार ने बताया कि उनकी भैंस लगभग 50 हजार की थी। जो अभी दूध भी दे रही थी। जैसे ही करंट लगा, उनके द्वारा बिजली ऑफिस में इसकी सूचना दी गई। बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर बिजली के खम्भे पर से गए सारे कनेक्शन के केबलों को देखा। एक-दो केबलों में जोड़ था। जिसके कारण करंट फैलने का अंदाजा लगाया जा रहा है।

बिजली कंपनी के जेई राहुल सिंह साकरे ने बताया कि सर्विस लाईन में कहीं फाल्ट हो सकता है। बारिश के कारण लोहे का खम्भा होने की वजह से करंट जमीन तक फैल गया होगा। मेरे द्वारा लाईनमेनों के माध्यम से सभी पोलों का मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है। ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना नहीं घटे।

यह भी पढ़ें… Kab kare buaai: किसान भाइयों के लिए जरूरी खबर, बुआई करने से पहले पढ़ लें कृषि विभाग की यह उपयोगी सलाह

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button