Betul Weather News: लगातार बारिश से जमींदोज हुआ निजी क्लीनिक और मेडिकल स्टोर, तार टूटने से फैला बिजली का करंट
Betul Weather News: Private clinic and medical store destroyed due to incessant rains, electric current spread due to breaking of wire
▪️ अंकित सूर्यवंशी, आमला
Betul Weather News: बीते दो दिन से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के चलते मौसम में पूरी तरह ठंडक घुल गई है। इसके साथ ही पहली बारिश में भी अब भारी नुकसान भी देखने को मिल रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में बीती रात करीब 12.30 बजे आमला के मेन मार्केट में एक निजी दवाखाना और उससे लगा मेडिकल स्टोर्स बारिश में जमींदोज हो गए। रात का समय होने से कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन मेडिकल स्टोर्स में रखी दवाई, फ्रीज और दवाखाने में रखे लाखों रुपए के सामान का नुकसान होने की जानकारी है।
मेन मार्केट में बारिश के कारण डॉक्टर प्रह्लाद घई का दवाखाना और उसमें ही संचालित संदीप कडू का मेडिकल स्टोर्स सहित हकीमी ट्रेडर्स और एक वस्त्रालय की दीवार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर टूट गई। दवाखाना जमींदोज होने से बिजली के तार भी टूट गए थे। समीप निवासरत व्यापारी संघ अध्यक्ष संजय साहू ने बताया कि तार टूटने से आसपास करंट फैल गया था। यह देखकर सड़क से गुजरने वालों को सतर्क कर बिजली विभाग के सहायक यंत्री को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद करवाई गई। सभी बिल्डिंग काफी पुरानी हैं।
बताया जा रहा है कि निजी दवाखाने के बगल में पुरानी बिल्डिंग को डिस्मेंटल कर निर्माण कार्य चल रहा था। जमींदोज हुई बिल्डिंग काफी पुरानी है। समीप के बिल्डिंग के मालिक जयप्रकाश चौकीकर ने बताया कि मेरी बिल्डिंग 80 साल पुरानी है। आसपास की बिल्डिंग भी लगभग इतनी ही पुरानी है।हकीमी स्टोर्स के होजेफा राजा ने बताया कि हमारी बिल्डिंग की दीवार को भी नुकसान पहुंचा है। घटना सोमवार रात करीब 12.20 से 1 बजे के बीच की है। व्यापारी संजय साहू ने नगर पालिका और राजस्व विभाग के अधिकारियों को इस बारे में सूचना दी है। जिसके बाद सुबह ही नगर पालिका और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।



