मध्यप्रदेश अपडेट

Bhopal Cutter Attack: राह चलती युवतियों पर करता था कटर से हमला, 150 पुलिस अफसरों-जवानों की टीम ने किया गिरफ्तार

Bhopal Cutter Attack: भोपाल में कटर से हमला करने के चार मामलों का खुलासा, जंगल से दबोचा गया आदतन अपराधी

Bhopal Cutter Attack: राह चलती युवतियों पर करता था कटर से हमला, 150 पुलिस अफसरों-जवानों की टीम ने किया गिरफ्तार
Bhopal Cutter Attack: राह चलती युवतियों पर करता था कटर से हमला, 150 पुलिस अफसरों-जवानों की टीम ने किया गिरफ्तार

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल शहर में हाल के दिनों में राह चलती युवतियों पर हुए कटर हमलों ने लोगों में भय का माहौल बना दिया था। इन घटनाओं को लेकर पुलिस पर भी लगातार दबाव बढ़ रहा था। अब भोपाल पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज मामलों के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि मानते हुए पुलिस महानिदेशक ने पुलिस टीम को इनाम देने की घोषणा की है।

शहर के अलग-अलग इलाकों में हुए थे हमले

जानकारी के अनुसार आरोपी देवेंद्र अहिरवार ने 29 जनवरी की रात भोपाल के सोनागिरी, पिपलानी और अयोध्यानगर थाना क्षेत्रों में चार अलग-अलग स्थानों पर युवतियों को निशाना बनाया था। राह चलते युवतियों पर कटर से हमला कर उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाई गई थीं। इन घटनाओं के बाद संबंधित थानों में अलग-अलग चार अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन

लगातार हो रही घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर विशेष जांच टीमों का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में जोन स्तर और क्राइम ब्रांच की कुल 40 टीमें बनाई गईं। इन टीमों में करीब 150 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल किए गए, जिन्हें आरोपी की तलाश में लगाया गया।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों पर खास ध्यान दिया। करीब 900 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसके साथ ही 600 से अधिक पुराने बदमाशों का सत्यापन किया गया और लगभग 100 संदिग्धों से पूछताछ की गई। आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई, जिसके बाद उसका हुलिया और फोटो सार्वजनिक कर दिया गया। गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

जंगल क्षेत्र से आरोपी की गिरफ्तारी

लगातार चल रहे खोज अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर अयोध्या बायपास के पास छोलामंदिर क्षेत्र के जंगल में दबिश दी गई। यहां से देवेंद्र अहिरवार पिता हरज्ञान अहिरवार, उम्र 37 वर्ष, निवासी घसेरा मोहल्ला राहतगढ़ जिला सागर और हाल निवासी पूजा कॉलोनी करोंद भोपाल को गिरफ्तार किया गया।

कटर, चोरी की बाइक और कपड़े जब्त

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पास से हमलों में इस्तेमाल किया गया कटर, चोरी की गई मोटरसाइकिल, वारदात के समय पहने गए कपड़े और अन्य सामान बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने इन चार घटनाओं के अलावा वर्ष 2014 में सागर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह की वारदातें की थीं। उसने बताया कि चार माह पहले करोंद सब्जी मंडी क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल का उपयोग इन हमलों में किया गया।

पुलिस टीम को इनाम की घोषणा

इस बड़ी सफलता पर पुलिस महानिदेशक ने भोपाल पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। वहीं पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों को रोका जा सके।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button