Panchayat chunav : सरपंच प्रत्याशी ने लगाए मतगणना में धांधली के आरोप, पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप

◼️ उत्तम मालवीय, बैतूल
एक सरपंच प्रत्याशी ने मतगणना में धांधली के आरोप लगाए हैं। इसी को लेकर मतगणना के बाद भी प्रत्याशी के समर्थकों ने मतगणना स्थल पर भी विरोध जताया था। इसके चलते भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश दी। इसके बाद मतदान दल वहां से निकल सका। आज प्रत्याशी और ग्रामीण शिकायत करने जिला मुख्यालय पहुंचे हैं।
यह मामला बैतूल जिले के भीमपुर ब्लॉक की बटकी ग्राम पंचायत का है। इस पंचायत से समोता पत्नी सेवाराम धुर्वे (42) निवासी खुरदा ने भी सरपंच के लिए चुनाव लड़ा है। इस मतदान केन्द्र क्रमांक 25 का मतगणना स्थल शासकीय प्राथमिक शाला बटकी में था। सरपंच प्रत्याशी समोता धुर्वे के अनुसार यहां वोटों की गिनती में अनियमितता की गई है।

उनके अनुसार उन्हें मात्र एक वोट मिलना दर्शाया गया है, जो पूर्णत: गलत है। आवेदिका के पोलिंग एजेंट महेश कवड़े को इस केन्द्र में संबंधित निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताया गया था कि उन्हें 122 वोट मिले हैं। आवेदिका की शिकायत के समर्थन में आज बैतूल में ग्राम बटकी एवं झिरना के करीब 150 ग्रामवासी भी उपस्थित हुए हैं। जिनके द्वारा व्यक्त किया है कि उन्होंने श्रीमती धुर्वे को अपना वोट दिया है।
उनका आरोप है कि इससे स्पष्ट है कि मतगणना में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। उन्होंने मतों की पुन: गणना करवाई जाने एवं दोषी व्यक्तियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही करने की मांग की है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि इस केंद्र पर पुन: मतदान करवाया जाए। जिससे स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। देखें मतगणना स्थल पर ग्रामीणों द्वारा किए गए विरोध का वीडियो…
बताया जाता है कि मतगणना के बाद ही ग्रामीणों ने इसे लेकर विरोध व्यक्त किया था। ग्रामीण पुन: मतगणना की मांग कर रहे थे। इसके चलते यहां प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल रात को पहुंचा था। इसके बाद यहां से मतदान दल को निकाला गया। इसके बाद आज ग्रामीण शिकायत करने कलेक्ट्रेट पहुंचे हैं।



