accident on highway : हाईवे पर सोनाघाटी में ट्रक और कार की टक्कर, अनाज से भरा ट्रक पलटा, आधा दर्जन लोग घायल; ट्रेन में यात्री हुआ बेहोश

बैतूल (Betul Update)। भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे (Bhopal-Nagpur National Highway) पर बैतूल के पास सोनाघाटी में सोमवार सुबह एक हादसा हो गया। यहां ट्रक और कार की टक्कर हो गई। इसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। अनाज से भरा ट्रक भी पलट गया। हादसे में ट्रक का ड्राइवर भी घायल है। उधर दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस में एक यात्री बेहोश हो गया। उसे मुलताई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह भोपाल से नागपुर की ओर ट्रक क्रमांक आरजे-50/जीए-2530 अनाज लेकर जा रहा था। इसी बीच सोनाघाटी में नागपुर की ओर से आ रही एक इंडिका कार और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। कार में दो महिलाएं, दो बच्चे और एक पुरुष था। यह सभी घायल हो गए। सभी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह एक घायल महिला को 8 टांके लगाने पड़े। एक बच्चे को भी टांके लगे हैं। ट्रक की टक्कर से कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

इधर कार को बचाने के प्रयास के दौरान ट्रक नेशनल हाईवे पर पलट गया। उसमें भरा अनाज सड़क पर बिखर गया। हादसे में ड्राइवर को चोट आई है। उसे पाढर पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया है। हादसे के चलते कुछ देर हाईवे पर जाम की स्थिति भी रही क्योंकि ट्रक बिल्कुल बीच सड़क पर पलटा था।
ट्रेन के शौचालय में हुआ बेहोश
बिहार के आरा जिले के निवासी प्रभात कुमार पिता शिवकुमार ठाकुर (26) दानापुर-सिंकदराबाद एक्सप्रेस से सिकंदराबाद से वापस अपने घर आरा जा रहे थे। ट्रेन के शौचालय में सफाईकर्मी द्वारा कुछ समय पहले ही दवाई छिड़क कर सफाई की गई थी। जिसके बाद प्रभात कुमार शौचालय गए। उन्होंने खांसी का सिरप भी पीया था। जिसके बाद से उनकी हालत खराब होने लगी। प्रभात की तबीयत खराब होने और बेहोश होने के कारण मुलताई के पास चिचंडा स्टेशन पर उन्हें उतारा गया। जिसके बाद उन्हें मालगाड़ी से मुलताई स्टेशन तक लाया गया। वहां से 108 से मुलताई अस्पताल लाकर भर्ती कराया।



