बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

Sone ke bhav : सोने के भाव में जोरदार उछाल, चांदी भी हुई महंगी, आयात शुल्क में बढ़ोतरी का है असर, आगे और दाम बढ़ने के आसार

नई दिल्‍ली. सरकार ने आज सोने पर आयात शुल्‍क में 5 फीसदी की बड़ी बढ़ोतरी कर दी जिससे सोने की कीमतों में 3 फीसदी का तगड़ा उछाल दिखा. वायदा बाजार में सोना फिर 52 हजार की ओर भाग रहा है. आज सुबह ही सोने की कीमत में 1,100 रुपये का उछाल दिखा है.

मल्‍टीकमोडिटी एक्‍सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने की वायदा कीमत आज सुबह 1,103 रुपये बढ़कर 51,620 रुपये पहुंच गई, जो करीब दो महीने का शीर्ष स्‍तर है. इससे पहले सोने में ट्रेडिंग की शुरुआत 51,000 के स्‍तर पर खुलकर हुई थी, लेकिन आयात शुल्‍क बढ़ने की वजह से इसकी कीमतों में अचानक तेजी आ गई. सोना अभी पिछले बंद भाव से 2.18 फीसदी ऊपर चल रहा है.

सरकार ने सोने पर आयात शुल्‍क 7.5 फीसदी से बढ़ाकर 12.5 फीसदी कर दिया है. भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सोने का आयातक देश है. लिहाजा सरकार के इस फैसले का सोने की खुदरा कीमत पर भी असर पड़ेगा जो कुछ समय से सुस्‍त चल रही है. इससे पहले कोरोनाकाल में सरकार ने आयात शुल्‍क में 5 फीसदी की ही कटौती की थी.

चांदी की कीमतों में भी इजाफा

सोने की तर्ज पर आज चांदी की कीमतों में भी उछाल देखा जा रहा है. एमसीएक्‍स पर चांदी का वायदा भाव 370 रुपये चढ़कर 58,700 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया है. इससे पहले चांदी में ट्रेडिंग की शुरुआत 58,418 रुपये के भाव पर खुलकर हुई थी, लेकिन मांग बढ़ने की वजह से जल्‍द ही इसमें उछाल दिखने लगा. चांदी अभी अपने पिछले बंद भाव से 0.63 फीसदी बढ़त पर चल रही है.

विश्व बाजार में बड़ी गिरावट

घरेलू बाजार में जहां सोने-चांदी की कीमतों में तेजी दिख रही है, वहीं आज ग्‍लोबल मार्केट में दोनों कीमती धातुएं सस्‍ती हुई हैं. अमेरिकी बाजार में सोने का हाजिर भाव आज सुबह 1,802.63 डॉलर प्रति औंस रहा, जो अपने पिछले बंद भाव से 0.23 फीसदी नीचे है, जबकि चांदी का हाजिर भाव 20.1 डॉलर रहा जो अपने पिछले बंद भाव से 0.80 फीसदी सस्‍ता है.

भविष्य में क्या बनेगी स्थिति

एक्‍सपर्ट का कहना है कि सरकार की ओर से आयात शुल्‍क बढ़ाए जाने से खुदरा बाजार में सोने की हाजिर कीमत भी बढ़ेगी और इसमें तेज उछाल आ सकता है. ग्‍लोबल मार्केट में अभी भले ही सोने की कीमत कम है लेकिन रूस पर जी7 देशों के प्रतिबंधों का असर शुरू होने के बाद इसकी कीमतों में तेजी आएगी जिसका साफ असर भारतीय बाजार पर भी दिखने को मिलेगा. कुल मिलाकर सोने की कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला एक बार फिर शुरू हो गया है.

News Source :  https://hindi.news18.com/news/business/gold-prices-sharply-rise-today-to-surge-over-1100-rupee-due-to-hike-in-import-duty-prdm-4359996.html

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button