रेलयात्रियों के लिए जरूरी खबर: इस दिन गोंडवाना एक्सप्रेस आएगी दूसरे रूट से, एक हफ्ते बरबतपुर में रुकेगी पंचवेली एक्सप्रेस
• उत्तम मालवीय, बैतूल
Indian Railway : बैतूल-इटारसी सेक्शन में स्थित बैतूल जिले के बरबतपुर रेलवे स्टेशन को रेलवे ने एक सप्ताह के लिए विशेष सुविधा दी है। यहां पर एक सप्ताह तक पंचवेली एक्सप्रेस का स्टॉपेज दिया गया है। इससे इस छोटे से स्टेशन से सफर करने और यहां उतरने वाले यात्रियों को सहूलियत होगी। इसके अलावा 16 अगस्त को भुसावल से रवाना होने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस दूसरे रूट से होकर बैतूल पहुंचेंगी।
बैतूल के मुख्य यातायात निरीक्षक (रेलवे) अशोक कटारे ने बताया कि 19344 छिंदवाड़ा-इंदौर पंचवेली एक्सप्रेस और 19343 इंदौर-छिंदवाड़ा पंचवेली एक्सप्रेस ट्रेनों का बरबतपुर स्टेशन पर 10 अगस्त से 16 अगस्त तक स्टॉपेज रहेगा। यहां पर अधिक ट्रेनों का स्टॉपेज नहीं है। दूसरी ओर जिले में हो रही भारी बारिश के कारण आए दिन घंटों तक सड़क यातायात बाधित हो रहा है।
इसकी वजह से यात्रियों द्वारा इस ट्रेन का स्टॉपेज दिए जाने की डिमांड की जा रही थी। यही कारण है कि इस ट्रेन का स्टॉपेज दिया यहां सीमित अवधि के लिए दिया जा रहा है। इस ट्रेन का स्टॉपेज मिलने से इस क्षेत्र के यात्रियों को खासी राहत मिल सकेगी। रक्षाबंधन के पर्व के मद्देनजर भी इस ट्रेन के स्टॉपेज से राहत मिल सकेगी।
इसी तरह 16 अगस्त 2022 को भुसावल से चलकर हजरत निजामुद्दीन को जाने वाली 12405 अप (गोंडवाना एक्सप्रेस) एक अन्य रूट से होकर बैतूल पहुंचेंगी। यह ट्रेन वैसे भुसावल, नागपुर, बैतूल एवं इटारसी होकर निजामुद्दीन जाती है। लेकिन 16 अगस्त को भुसावल से निकलने वाली ट्रेन डायवर्ट होकर भुसावल, अमरावती, बडनेरा एवं नरखेड़ होकर बैतूल आएगी।
- यह भी पढ़ें…विभाग ने नहीं ली सुध तो ग्रामीणों ने चंदा जमा कर खुद सुधरवाई क्षतिग्रस्त पुलिया, अब हो सकेगी आवाजाही
बार-बार लग रहा हाइवे पर जाम
इस साल भारी बारिश जिले में हो रही है। यही कारण है कि भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे पर शाहपुर में माचना नदी में बाढ़ आने से घंटों तक ट्रैफिक जाम रहता है। अभी तक आधा दर्जन बार यहां पर जम लग चुका है। जाम लगने से शाहपुर क्षेत्र के लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। यही वजह है कि यहां पर पंचवेली एक्सप्रेस का स्टॉपेज दिया गया है। इसके अलावा अन्य ट्रेनों के स्टॉपेज की भी यहां लंबे समय से मांग की जा रही है।
इन्होंने उठाई थी बरबतपुर में पंचवेली के स्टॉपेज की मांग
• नवील वर्मा, शाहपुर
रेल संघर्ष समिति कई सालों से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से ट्रेन स्टॉपेज की मांग करती आ रही है। इसके बावजूद किसी भी जनप्रतिनिधि के कान में जूं तक नहीं रेंगी। क्षेत्र में वर्तमान में अति वर्षा हो रही है। जिससे छोटे-बड़े नदी-नाले सभी उफान चल रहे हैं। जिस कारण सड़क मार्ग अस्थाई तौर पर अनेक स्थान पर बंद हैं।
गुरुवार को रक्षाबंधन को देखते हुए बीनू बकोडिया द्वारा डीआरएम नागपुर मंडल से बात कर बरबतपुर स्टेशन प्रबंधक एसके सोनी को ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने आपातकालीन स्थिति को देखते हुए 10 से 16 अगस्त 2022 तक पंचवेली इंदौर छिंदवाड़ा 19343/44 का स्टॉपेज बरबतपुर रेल्वे स्टेशन पर मांग की थी।
- यह भी पढ़ें…Mansoon 2022 : इतना झूम के बरसा सावन कि 50 दिन पहले ही पूरा कर दिया बारिश का कोटा, भैंसदेही में फट पड़े बादल
रेल मंडल नागपुर के अधिकारी द्वारा आपातकालीन स्थिति को देखते हुए 10 तारीख से लेकर 16 तारीख तक इंदौर छिंदवाड़ा एक्सप्रेस का स्टॉपेज स्वीकृत किया गया है। अगर इतनी चिंता क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को होती तो पंचवेली क्या अंडमान एक्सप्रेस भी कभी से रुक जाती। रेल संघर्ष समिति ने मांग मानने के लिए रेल मंडल के अधिकारियों का धन्यवाद दिया है। साथ ही स्थाई तौर पर स्टॉपेज की मांग की है।



