बड़ी खबरें

खबर का असर : शाहपुर मंडी में मंगलवार से शुरू होगी खरीदी, दो दिन खुलेगी, किसानों को मिलेगी राहत

▪️ नवील वर्मा, शाहपुर
बैतूल। जिले के शाहपुर में स्थित मंडी (Shahpur mandi) में मंगलवार से खरीदी शुरू की जाएगी। यहां मंगलवार और गुरुवार को मक्का की खरीदी की जाएगी। शाहपुर मंडी के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए बैतूल या इटारसी (itarsi) जाने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा।

‘बैतूल अपडेट’ ने एक दिन पहले 27 अक्टूबर को ही यह मुद्दा ‘दो साल से बंद पड़ी है शाहपुर उप मंडी , औने-पौने दाम में व्यापारियों को उपज बेचने को मजबूर क्षेत्र के किसान’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर प्रमुखता से उठाया था। किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कृषि उपज मंडी बडोरा (बैतूल) प्रबंधन ने आगामी मंगलवार से ही यह शाहपुर उप मंडी शुरू करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मंडी इंस्पेक्टर रामनाथ इवने ने बताया कि शाहपुर उप मंडी में मंगलवार से खरीदी शुरू की जाएगी। यहां मंगलवार और गुरुवार को मक्का खरीदी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार बारिश का मौसम देर तक रहा, इसलिए अभी तक खरीदी शुरू नहीं की जा सकी थी।

उल्लेखनीय है कि किसानों की मांग पर शाहपुर में उप मंडी स्वीकृत तो हो गई और वहां शेड वगैरह भी बना दिया गया है, लेकिन वहां खरीदी कभी-कभार ही होती है। अभी पिछले करीब 2 साल से शाहपुर उप मंडी बंद पड़ी थी। इससे किसानों को अपनी कृषि उपज के वाजिब दाम भी नहीं मिल पा रहे थे। ऐसे में बड़े किसानों को अपनी उपज लेकर बैतूल या इटारसी जाना पड़ता था, लेकिन छोटे किसान ऐसा भी नहीं कर पाते थे। इन हालातों में उन्हें गांव में आने वाले व्यापारियों को ही अपनी उपज औने-पौने दामों में बेचना पड़ता था। यही कारण है कि किसान जल्द से जल्द शाहपुर मंडी शुरू किए जाने की मांग कर रहे थे।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button