Sugarcane Price: किसान भाइयों को इस साल गन्ने के मिलेंगे 360 रुपए प्रति क्विंटल तक दाम, शुगर मिल ने किया ऐलान

By
On:

Sugarcane Price:

Sugarcane Price: बैतूल। जिले के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए खुशखबरी है। इस साल के लिए गन्ना खरीदी के लिए शुगर मिल ने गन्ने के दाम घोषित कर दिए हैं। नवंबर माह से चालू होने वाले गन्ना पेराई सत्र के लिए किसानों को 330 रुपए से लेकर 360 रुपए प्रति क्विंटल तक दाम दिए जाएंगे। यह दाम जिला मुख्यालय के समीप सोहागपुर में स्थित श्रीजी शुगर एंड प्राइवेट लिमिटेड (ShreeJi Sugar Mil) द्वारा दिए जाएंगे।

श्रीजी शुगर मिल जिले के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए एक वरदान साबित हो रही है। इससे पहले जिले के गन्ना उत्पादक किसानों को गुड़ बनाने के लिए महीनों तक मशक्कत करना होता था। इसके बाद उस गुड़ की बिक्री के लिए परेशान होना पड़ता था। कई बार सही दाम गुड़ के मिल जाते थे तो कई बार यह गुड़ मिट्टी के मोल बेचना पड़ता था। इससे उन्हें गन्ना उत्पादन की लागत तक नहीं मिल पाती थी और खासा घाटा उठाना पड़ता था।

 

इसके बाद बाहर से आकर कुछ कारोबारियों ने किसानों का गन्ना खरीद कर गुड़ बनाना शुरू किया। इसमें भी अधिकांश किसानों की शिकायत होती थी कि उन्हें गन्ना के वाजिब दाम नहीं मिल रहे जबकि कारोबारी अच्छा मुनाफा कमाते हैं। कई बार तो यह भी हुआ कि किसानों को गन्ने का पैसा तक नहीं मिला और कारोबारी गुड़ लेकर फरार हो गए। ऐसे मामले अभी भी यदा कदा सामने आते रहते हैं।

इन सबके बावजूद श्रीजी शुगर मिल शुरू होने के बाद से अधिकांश किसान बड़ी राहत महसूस कर रहे हैं। मिल द्वारा एक ओर जहां किसानों का गन्ना तैयार होते ही ले लिया जाता हैं वहीं किसानों को उचित दाम भी दिया जाता है। यही नहीं किसानों के हित में कई योजनाएं भी चलाई जा रही है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में किसान मिल से जुड़ चुके हैं और अपना गन्ना इस मिल में ही देते हैं।

Sugarcane Price: किसान भाइयों को इस साल गन्ने के मिलेंगे 360 रुपए प्रति क्विंटल तक दाम, शुगर मिल ने किया ऐलान

इधर मिल प्रबंधन भी पारदर्शिता बरतते हुए पेराई का सीजन शुरू होने के पहले ही हर साल पूरे सत्र में गन्ना खरीदी के लिए दिए जाने वाले दाम की घोषणा कर देता है। इससे किसान अपनी सहूलियत के अनुसार गन्ना मिल को उपलब्ध करा देते हैं। इस साल के गन्ना पेराई सत्र के लिए भी मिल प्रबंधन ने गन्ना खरीदी मूल्य की घोषणा कर दी है।

मिल संचालक अभिषेक गोयल ने बताया कि गन्ना पेराई सत्र 2023-24 के लिए गन्ना खरीदी निम्न दाम पर की जाएगी। शुरुआत में 6 नवंबर से गन्ने की खरीदी 330 रुपए प्रति क्विंटल की दर से होगी। इसके बाद 1 दिसंबर से 340 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गन्ना लिया जाएगा। 15 जनवरी 2024 से 350 रुपए प्रति क्विंटल और फिर अंत में 1 मार्च 2024 से 360 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गन्ना लिया जाएगा।

श्री गोयल ने स्पष्ट किया है कि गन्ना खरीदी दर मिल गेट पहुंच पर निश्चित की जाती है। उन्होंने गन्ना उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे गन्ना कटाई धैर्यपूर्वक, प्लानिंग के अनुसार और अनुमति लेकर ही करें। साथ ही अपना गन्ना औने पौने दाम पर इधर उधर बिक्री ना करें।

For Feedback - feedback@example.com

Related News