खेती किसानी

Soybean Registration 2026: भावान्तर योजना के लिए सोयाबीन किसानों का पंजीयन शुरू, जानें अंतिम तारीख और जरूरी नियम

Soybean Registration 2026: Registration for soybean farmers under the Bhavantar Yojana has begun; check the deadline and essential rules.

Soybean Registration 2026: भावान्तर योजना के लिए सोयाबीन किसानों का पंजीयन शुरू, जानें अंतिम तारीख और जरूरी नियम
Soybean Registration 2026: भावान्तर योजना के लिए सोयाबीन किसानों का पंजीयन शुरू, जानें अंतिम तारीख और जरूरी नियम

Soybean Registration 2026: मध्य प्रदेश में सोयाबीन की खेती करने वाले किसानों के लिए जरूरी सूचना है। भारत सरकार की प्राइस डिफिसिट पेमेंट स्कीम यानी भावांतर योजना के तहत खरीफ वर्ष 2026 की सोयाबीन फसल के लिए किसानों का ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन 3 अक्टूबर से शुरू होगा। किसान 17 अक्टूबर 2026 तक अपना पंजीयन करा सकेंगे। पंजीयन की प्रक्रिया के लिए जिले में निर्धारित केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

ई-उपार्जन पोर्टल पर कराना होगा आवेदन

खरीफ वर्ष 2026 यानी विपणन वर्ष 2026-27 में सोयाबीन फसल के लिए पंजीयन ई-उपार्जन पोर्टल www.mpeuparjan.nic.in पर किया जाएगा। किसान निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकेंगे। इसके अलावा किसानों की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पंजीयन केन्द्र भी बनाए गए हैं।

इन स्थानों पर मुफ्त में होगा पंजीयन

किसानों के लिए नि:शुल्क पंजीयन की सुविधा ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्रों पर उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही सहकारी समितियों और सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्रों पर भी किसान बिना शुल्क के पंजीयन करा सकेंगे।

इन केन्द्रों पर देना होगा शुल्क

किसान एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र और निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे से भी पंजीयन करा सकेंगे। इन केन्द्रों पर एक पंजीयन के लिए अधिकतम 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। पंजीयन के दौरान किसान की भूमि से जुड़े दस्तावेज, आधार कार्ड और अन्य फोटो पहचान पत्रों की जांच करना तथा उनका रिकॉर्ड सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा।

सिकमी और बटाईदार किसानों के लिए व्यवस्था

सिकमी, बटाईदार, कोटवार और वन पट्टाधारी किसानों का पंजीयन केवल सहकारी समिति तथा सहकारी विपणन सहकारी संस्था द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्रों पर ही किया जा सकेगा। इस श्रेणी में आने वाले सभी किसानों का राजस्व विभाग द्वारा शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाएगा।

आधार लिंक बैंक खाते में मिलेगा भुगतान

किसान द्वारा बेची गई उपज की राशि प्राथमिकता के आधार पर उसके आधार से लिंक बैंक खाते में भेजी जाएगी। यदि किसी कारण से आधार लिंक खाते में भुगतान करने में परेशानी आती है तो पंजीयन के दौरान किसान द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खाते में राशि का भुगतान किया जा सकेगा।

पंजीयन कराते समय किसान को बैंक खाता नंबर और IFSC कोड देना होगा। अक्रियाशील बैंक खाते, संयुक्त बैंक खाते तथा फिनो, एयरटेल और पेटीएम बैंक खाते पंजीयन के लिए मान्य नहीं होंगे। किसानों को बेहतर सेवा के लिए अपने आधार नंबर से बैंक खाता और मोबाइल नंबर लिंक कराकर उसे अपडेट रखना जरूरी होगा।

आधार और बैंक खाते को अपडेट रखने की सलाह

सभी जिला कलेक्टर्स को जिला और तहसील स्तर पर बनाए गए आधार पंजीयन केन्द्रों को चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसान इन केन्द्रों पर जाकर अपना मोबाइल नंबर और बायोमेट्रिक अपडेट करा सकेंगे। इसके लिए पोस्ट ऑफिस में संचालित आधार सुविधा केन्द्र का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

आधार को बैंक खाते से लिंक कराने के लिए बैंकों के साथ समन्वय करने के निर्देश भी दिए गए हैं। किसान के आधार लिंक बैंक खाते के सत्यापन के लिए पंजीयन के समय ही मध्यप्रदेश राज्य आपूर्ति निगम द्वारा ई-उपार्जन/जेआईटी पोर्टल के माध्यम से 1 रुपये का ट्रांजेक्शन किया जाएगा।

फसल बेचने के लिए आधार वेरिफिकेशन जरूरी

पंजीयन कराने के साथ ही फसल की बिक्री के लिए आधार नंबर का वेरिफिकेशन अनिवार्य रहेगा। किसान आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी अथवा बायोमेट्रिक डिवाइस के जरिए आधार का सत्यापन करा सकेंगे।

किसान का पंजीयन तभी मान्य होगा जब उसके भू-अभिलेख के खाते और खसरे में दर्ज नाम का मिलान आधार कार्ड में दर्ज नाम से होगा। यदि दोनों दस्तावेजों में नाम अलग पाया जाता है तो पंजीयन का सत्यापन तहसील कार्यालय से कराया जाएगा। तहसील स्तर पर सत्यापन के बाद ही ऐसा पंजीयन मान्य किया जाएगा।

एसएमएस के साथ गांवों में भी दी जाएगी सूचना

पिछले खरीफ सीजन में पंजीयन करा चुके जिन किसानों के मोबाइल नंबर उपलब्ध हैं, उन्हें एसएमएस के जरिए पंजीयन की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा गांवों में डोडी पिटवाकर और ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर सूचना प्रदर्शित कर किसानों को जानकारी दी जाएगी। समिति और मंडी स्तर पर बैनर लगाकर भी पंजीयन की सूचना दी जाएगी।

संबंधित अधिकारियों को किसानों का पंजीयन निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। किसान 3 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 के बीच सोयाबीन फसल के लिए अपना पंजीयन करा सकेंगे।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button