पुलिस का होली धमाल: गुंडे-बदमाशों की तैयार हो रही कुंडली, दी जा रही चेतावनी, निकाले फ्लैग मार्च
◼️ उत्तम मालवीय, बैतूल
होली सहित आगामी त्योहारों शांति और सद्भाव के साथ मनाए जा सके, इसके मद्देनजर पुलिस विभाग ने भी कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत जिले भर में पुलिस द्वारा गुंडे, बदमाशों की एक बार फिर कुंडली तैयार की जा रही है। इसके साथ ही उन्हें चेतावनी भी दी जा रही है। जिले भर में यह कार्य पूरी प्राथमिकता से किया जा रहा है।
पुलिस विभाग से उपलब्ध कराई गई जानकारी में बताया गया है कि बैतूल पुलिस द्वारा गुंडा, हिस्ट्रीशीटर और निगरानीशुदा बदमाश के आपराधिक रिकॉर्ड को अपडेट किया जा रहा है। जिसमें अपराधियों के फिंगर प्रिंट, उनके नवीनतम फोटो, मोबाइल नंबर, फोन नंबर नोट किए जा रहे हैं। इसके साथ ही उनके द्वारा की जाने वाली गतिविधियों का मूल्यांकन भी किया जा रहा है।
इस मूल्यांकन के आधार पर उन्हें आगामी त्योहारों को देखते हुए उचित समझाई दी जा रही है। उन्हें चेतावनी दी जा रही है कि वे किसी भी प्रकार की कोई भी आपराधिक गतिविधि में सम्मिलित ना हों। अन्यथा सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। इन निर्देशों का पालन करते हुए पाथाखेड़ा चौकी पुलिस द्वारा पांच गुंडा ऑल हिस्ट्रीशीटर को चौकी में बुलाकर फोन के रिकॉर्ड अपडेट किए एवं उचित समझाइश दी गई।
बैतूल-सारणी में निकाला गया फ्लैग मार्च
होली पर्व के मद्देनजर आपराधिक तत्वों को सख्त संदेश देने के लिए बुधवार को बैतूल और सारणी शहर में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। बैतूल में टीआई अपाला सिंह के नेतृत्व में मेघनाथ चौक, बसोड़ी मोहल्ला, जामा मस्जिद, लल्ली चौक क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। सारणी में निकले फ्लैग मार्च में थाने के सभी अधिकारी और जवान शामिल हुए। फ्लैग मार्च के जरिए यही संदेश दिया गया कि यदि किसी ने होली पर्व के दौरान कोई गड़बड़ी करने की कोशिश की तो उनके खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।




