बैतूल जिला अपडेट

Republic day 2023 : इस बार गणतंत्र दिवस पर पुरस्कृत नहीं होंगे आदतन प्रशस्ति पत्र लेने वाले कर्मचारी, कलेक्टर ने दी यह सख्त हिदायत

Republic day 2023 : इस बार गणतंत्र दिवस पर पुरस्कृत नहीं होंगे आदतन प्रशस्ति पत्र लेने वाले कर्मचारी, कलेक्टर ने दी यह सख्त हिदायत

▪️ उत्तम मालवीय, बैतूल

Republic day 2023 : इस बार गणतंत्र दिवस पर “आदतन” प्रशस्ति पत्र लेने वाले कर्मचारी नजर नहीं आएंगे। सोमवार को गणतंत्र दिवस (Republic day 2023) समारोह के आयोजन को लेकर हुई बैठक में इस परंपरा पर सख्त नाराजगी जताई है। इसके साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी है कि इस बार पुरस्कृत किए जाने के लिए वे ही कर्मचारी चुने जाएं जो कि वास्तव में मैदानी स्तर पर निष्ठा और मुस्तैदी के साथ काम करते हैं।

उल्लेखनीय है कि सरकारी अमले की हौसला अफजाई के लिए शासन द्वारा हर साल गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस समारोह में अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाता है। शासन की यह मंशा तो अच्छी है, लेकिन इसके क्रियान्वयन में पूरी ईमानदारी नहीं बरत कर पक्षपात किए जाने से शासन की यह मंशा पूरी नहीं हो पाती है।

अक्सर देखा जाता है कि मैदानी स्तर पर कर्मठता के साथ काम करने वाले कर्मचारी पुरस्कृत हो ही नहीं पाते हैं। इसके विपरीत अधिकारी अपने उन खास और करीबी कर्मचारियों का ही चयन कर उन्हें पुरस्कृत करवा देते हैं। इनमें से अधिकांश तो ऐसे होते हैं, जिनके काम या कर्मठता की कभी न चर्चा होती है और न ही काम नजर आता है, लेकिन हर बार पुरस्कृत होते हुए कुछ चेहरे जरुर नजर आ जाते हैं।

यही कारण भी है कि हर साल ही समारोह के बाद पुरस्कृत होने से वंचित रहने पर कर्मठ कर्मचारी कभी साथियों से अपना दुख साझा करते हैं तो कभी पत्रकारों के पास अपना दुखड़ा बताते हैं। कुछ हिम्मत करके सोशल मीडिया पर भी अपना दर्द बयां करते हैं। यही नहीं विभिन्न माध्यमों से आला अधिकारियों तक भी लगातार यह बात पहुंच रही है।

कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि आज हुई बैठक में उन्होंने साफ तौर पर विभागीय अधिकारियों को हिदायत दी है कि इस बार गणतंत्र दिवस पर “आदतन” प्रशस्ति पत्र लेने वाले कर्मचारियों का चयन न किया जाएं। इसकी जगह वास्तव में मैदानी स्तर पर कर्मठता के साथ कार्य करने वाले कर्मचारियों को ही चुना जाएं।

कलेक्टर श्री बैंस ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गणतंत्र दिवस-2023 की तैयारियों को लेकर बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बैठक में संयुक्त कलेक्टर एसपी मंडराह सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में राज्य शासन के निर्देशों की जानकारी देते हुए संयुक्त कलेक्टर श्री मंडराह ने बताया कि राज्य-स्तर, जिला, जनपद पंचायत और पंचायत मुख्यालयों पर किये जाने वाले आयोजन शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही आयोजित किये जायेंगे।

जिला स्तर पर पुलिस ग्राउंड पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। प्रतिवर्ष अनुसार राष्ट्रगान एवं पुलिस, होम गार्ड्स, एसएएफ इत्यादि द्वारा परेड का आयोजन किया जाएगा। मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा।

बैठक में कहा गया कि सभी शासकीय कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराये जाएंगे। कार्यालय प्रमुख प्रात: 8 बजे अपने विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की मौजूदगी में कार्यालय भवन पर राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रगान गाया जाएगा।

समस्त शिक्षण संस्थाओं में पूर्व वर्षों की भांति प्रात: 8 बजे या इसके पूर्व ध्वजारोहण व राष्ट्रगान का सामूहिक गान किया जाए। गणतंत्र दिवस की संध्या पर भारत पर्व का आयोजन होगा।

Related Articles

Back to top button