
Pm Modi In Bhopal : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी एक अप्रैल को भोपाल आ रहे हैं। वे प्रात: भोपाल विमानतल पर पहुँचने के बाद हेलीकॉप्टर से लाल परेड ग्राउंड पहुँचेंगे, जहाँ से वे कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह जाकर भारतीय सेना की कमांडर कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी दोपहर बाद रानी कमलापति स्टेशन से नई दिल्ली के लिए प्रारंभ हो रही नवीन वंदे भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। भोपाल के नागरिक प्रधानमंत्री श्री मोदी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह से रानी कमलापति स्टेशन जाने के यात्रा मार्ग में शिवाजी नगर में उपस्थित होकर उनका अभिवादन और स्वागत करेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को प्रधानमंत्री श्री मोदी की एक अप्रैल की भोपाल यात्रा की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही कार्यक्रमों के समय और स्वरूप से संबंधित चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री निवास पर हुई बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और सेना एवं रेलवे के अधिकारी भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री मोदी की यात्रा के संदर्भ में रानी कमलापति स्टेशन पर आवश्यक स्वच्छता और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री श्री मोदी की भोपाल प्रवास अवधि में आवश्यक सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं संबंधी निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कमांडर कॉन्फ्रेंस के सिलसिले में 30 मार्च को भोपाल आगमन संबंधी चर्चा भी अधिकारियों से की।
प्रधानमंत्री ने 750 अरब डॉलर से ज्यादा का निर्यात करने के लिए की प्रशंसा (Pm Modi In Bhopal)
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की आजादी के 75वें वर्ष में 750 अरब डॉलर से ज्यादा का निर्यात हासिल करने के लिए भारत के लोगों की प्रशंसा की है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के एक ट्वीट को साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में 750 अरब डॉलर से अधिक का निर्यात हासिल करने की उपलब्धि के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया-
‘इस उपलब्धि के लिए भारत के लोगों को बधाई।
यही वह भावना है जो आने वाले वक्त में भारत को आत्मनिर्भर बनाएगी।’