hike in insurance rates : पेट्रोल-डीजल में थोड़ी राहत तो अब एक जून से बीमा होगा महंगा, थर्ड पार्टी इंश्योरेंस के लिए लगेगा अब इतना ज्यादा पैसा

hike in insurance rates : पेट्रोल और डीजल के दामों में थोड़ी कमी होने से वाहन मालिक थोड़ी राहत महसूस कर रहे थे। इस बीच उनकी जेब ज्यादा हल्की होने का एक दूसरा फरमान आ गया है। अब वाहनों (vehicles) के थर्ड पार्टी बीमा (third party insurance) के लिए वाहन मालिकों को ज्यादा राशि अदा करना होगा। बीमा की यह बढ़ी हुई दरें एक जून से देश भर में लागू हो जाएंगी।
दरअसल, वाहनों की अलग-अलग श्रेणियों के लिए थर्ड पार्टी बीमा एक जून से 21% तक महंगा हो जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने नई दरें नोटिफाई कर दीं हैं। इससे पहले बीमा की दरें 2019-20 में तय की गई थी। कोरोना के चलते इनमें दो साल कोई बदलाव नहीं हुआ। कोरोना संकट से निजात पाते ही अब दरों को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
ऐसा पहली बार है कि मंत्रालय ने बीमा नियामक से परामर्श के बाद प्रीमियम की दरें नोटिफाई की हैं। हाइब्रिड इलेक्ट्रिक वाहनों पर प्रीमियम में 7.5% की छूट मिलेगी। यह कदम ईको फ्रेंडली वाहनों को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है। 30 किलोवॉट तक की ईवी के लिए प्रीमियम 1,780 रुपए होगा। वहीं, 30 से 65 किलोवॉट क्षमता की ईवी का प्रीमियम 2,904 रुपए होगा।
Life Insurance : जीवन बीमा को लेकर लापरवाह रवैया खतरनाक : परिवार को भुगतना पड़ता है इसका खामियाजा, हर किसी को लेनी चाहिए पॉलिसी
माल ढुलाई करने वाले कमर्शियल वाहनों (12 हजार से 20 हजार किलोग्राम) का प्रीमियम 5.68% बढ़कर 35,313 रुपए होगा। यह 2019-20 में 33,414 रुपए था। वहीं, 40,000 किलोग्राम से अधिक माल की ढुलाई वाले वाहनों का प्रीमियम 6.45% बढ़कर 44,242 रुपए हो जाएगा। यह 2019-20 में 41,561 रुपए था।
कार और बाइक के लिए थर्ड पार्टी बीमा के प्रीमियम की दरें
• 1000 सीसी वाली कार के लिए पहले 2072 रुपए लगते थे। अब इसके लिए 2094 रुपए लगेंगे।
• 1000 से 1500 सीसी वाली कार के लिए पहले 3221 रुपए लगते थे। अब इसके लिए 3416 रुपए लगेंगे।
• 1500 से अधिक सीसी वाली कार के लिए पहले 7890 रुपए लगते थे। अब इसके लिए 7897 रुपए लगेंगे।
• 75 सीसी से अधिक की बाइक के लिए पहले 482 रुपए लगते थे। अब इसके लिए 538 रुपए लगेंगे।
• 75-150 सीसी वाली की बाइक के लिए पहले 714 रुपए लगते थे। अब इसके लिए 752 रुपए लगेंगे।
• 150-350 सीसी वाली बाइक के लिए पहले 1193 रुपए लगते थे। अब इसके लिए 1366 रुपए लगेंगे।
• 350 सीसी से अधिक की बाइक के लिए पहले 2323 रुपए लगते थे। अब इसके लिए 2804 रुपए लगेंगे।



