Betul municipality building: बैतूल के कायाकल्प की तैयारी: नया नपा भवन, 50 करोड़ की जल योजना और 10 एकड़ में क्रिकेट ग्राउंड
Betul Municipal Building: Plans for Betul’s transformation—a new municipal building, a ₹50 crore water supply project, and a cricket ground spanning 10 acres.

Betul municipality building: बैतूल। बैतूल शहर के विकास को नई दिशा देने के लिए पेयजल, खेल, सांस्कृतिक सुविधाओं और नगरीय अधोसंरचना के विस्तार की योजनाओं पर काम किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बैतूल हेमंत खंडेलवाल ने दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए नगर पालिका भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में शहर के आगामी विकास की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बैतूल नगर पालिका को पेयजल व्यवस्था के लिए 50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई है। इस राशि से नया फिल्टर प्लांट और पाइपलाइन विकसित करने की योजना है। इसके अलावा बैतूल में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक ऑडिटोरियम तथा 50 करोड़ रुपये की लागत से क्रिकेट ग्राउंड विकसित किया जाएगा।
बढ़ती आबादी के अनुरूप बनेगा आधुनिक नगर पालिका भवन
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि लगभग 200 वर्ष पुरानी नगर पालिका का वर्तमान भवन शहर की बढ़ती आबादी और प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है। बैतूल की आबादी में लगातार वृद्धि हुई है और आसपास के क्षेत्र भी शहर के रूप में विकसित हो रहे हैं। इसी को देखते हुए दो करोड़ रुपये की लागत से मल्टीस्टोरी नगर पालिका भवन बनाया जाएगा। इसमें नागरिकों, पार्षदों, अध्यक्ष, कर्मचारियों अधिकारियों के लिए व्यवस्थित बैठने और कार्य करने की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भवन का निर्माण लगभग एक से डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है।

50 करोड़ से बनेगा नया इंटेकवेल, बिछेगी नई पाइपलाइन
विधायक श्री खंडेलवाल ने लगभग 10-12 वर्ष पहले शहर में गंभीर जल संकट की स्थिति बनी थी और हजारों ट्यूबवेल सूख गए थे। इसके बाद लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से ताप्ती नदी से पानी लाने की परियोजना विकसित की गई। अब शहर की बढ़ती जरूरतों के अनुसार नए फिल्टर प्लांट और पाइपलाइन की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसके लिए नगर पालिका को 50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है।

20 करोड़ से बनेगा आधुनिक ऑडिटोरियम
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल में बड़े सांस्कृतिक, सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आधुनिक ऑडिटोरियम की आवश्यकता है। वर्तमान में बड़े आयोजनों के लिए पर्याप्त सुविधायुक्त सभागार उपलब्ध नहीं है। इसी को देखते हुए लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से भोपाल और इंदौर की तर्ज पर आधुनिक ऑडिटोरियम विकसित किया जाएगा। इससे शहर में बड़े कार्यक्रमों, सम्मेलनों और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
10 एकड़ जमीन पर 50 करोड़ से बनेगा क्रिकेट ग्राउंड
विधायक श्री खंडेलवाल ने बताया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड शिफ्ट होने के बाद खाली होने वाली लगभग 10 एकड़ जमीन पर 50 करोड़ रुपये की लागत से क्रिकेट ग्राउंड विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे बैतूल के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही वर्तमान स्टेडियम का उन्नयन तथा फुटबॉल के लिए टर्फ विकसित किया जाएगा। इससे क्रिकेट, फुटबॉल सहित अन्य खेलों को प्रोत्साहन मिलेगा।
इस अवसर पर जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, पूर्व विधायक अलकेश आर्य, सीएमओ नवनीत पांडे सहित नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, पार्षद, पार्टी पदाधिकारी एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें



