Hospital Fire Incident Betul: बैतूल। रविवार सुबह जिला अस्पताल के किचन एरिया के स्टोर रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की घटना सामने आई। इससे अफरातफरी का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर मरीजों को अन्य वार्डों में शिफ्ट किया गया। हालाँकि स्थिति गंभीर होने से पहले ही अस्पताल प्रशासन की सूझबूझ, तत्परता और संवेदनशीलता से आग पर काबू पा लिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. रुपेश पदमाकर और आरएमओ डॉ. रानू वर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे। अस्पताल के इलेक्ट्रीशियन श्री बिहारिया और सहायक इलेक्ट्रीशियन महेश तिवारी ने बिना समय गंवाए स्विच को बंद किया और अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाई।
इन वार्डों से शिफ्ट किये मरीज
एहतियातन फीमेल वार्ड, बच्चा वार्ड के मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया। स्टाफ की त्वरित कार्रवाई से बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। सुबह प्रातः 9: 20 बजे आग लगने की घटना सामने आई जिस पर महज 10 मिनट में काबू पा लिया गया। इसके साथ ही मरीजों को संबंधित वार्डों में पुनः शिफ्ट करने की कार्यवाही भी चालू की गई।
आला अफसर पहुंचे जिला अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन, अपर कलेक्टर वंदना जाट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. मनोज हुरमाड़े और ईएंडएम, एमपीईबी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों और अस्पताल कर्मचारियों की त्वरित प्रतिक्रिया से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिसके लिए मरीजों तथा उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन की सराहना की।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
