जय-जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजी पवित्र नगरी, अयोध्या में बन रहे भव्य मंदिर की आकर्षक झांकी के साथ निकली शोभायात्रा

पवित्र नगरी मुलताई में राम नवमी पर रविवार शाम को बस स्टैंड परिसर स्थित दुर्गा मंदिर से भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शुभारंभ पर पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल, विधायक सुखदेव पांसे, पूर्व विधायक चंद्रशेखर देशमुख, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजा पवार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत शर्मा, भाजपा नेता महेश पाठक, विजय शुक्ला, राजू जैन, मयंक पाठक, संजय यादव, किशोरसिंह परिहार ने मंच पर भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की पूजा अर्चना कर आरती की।

उसके बाद जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए बाजे-गाजे के साथ शोभायात्रा निकली। यात्रा में श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में बन रहे भव्य मंदिर की आकर्षक झांकी, धनुष लिए भगवान श्रीराम की प्रतिमा की झांकी सहित अन्य झांकियां शामिल थी। यात्रा में शामिल युवा भगवा झंडा लहराते हुए जय जय श्रीराम का उद्घोष करते हुए चल रहे थे। यात्रा जय स्तंभ चौक फव्वारा चौक नागपुर रोड सहित नगर के प्रमुख चौक चौराहों से भ्रमण करती हुई बस स्टैंड के दुर्गा मंदिर पहुंचेंगी जहां पूजा अर्चना के साथ शोभा यात्रा का समापन होगा।

गौरतलब है कि दुर्गा मंदिर बस स्टैंड समिति सहित अन्य हिंदू संगठनों के तत्वाधान में रामनवमी पर निकाले जाने वाली यात्रा के लिए बीते एक सप्ताह से तैयारियां प्रारंभ थी। जहां हिंदू संगठनों द्वारा बस स्टैंड परिसर में बड़ी संख्या में भगवा ध्वज लगाकर पूरे परिसर को भगवा रंग से सराबोर कर दिया है। वही नगर के प्रमुख मार्गो पर भी स्वागत द्वार और भगवा ध्वज लगाए गए हैं। शनिवार को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर नगर वासियों को शोभायात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया था।



