Ward boy drowned in flood : एक और युवक नाले की बाढ़ में बहा, एसडीआरएफ ने तलाशा शव, शाहपुर अस्पताल में वार्ड बॉय था मृतक
▪️ नवील वर्मा, शाहपुर
बैतूल जिले में भारी बारिश के दौरान नदी-नालों की बाढ़ में लोगों के बहने का सिलसिला थम नहीं रहा है। शाहपुर क्षेत्र में एक और युवक नाले की बाढ़ में बह (Ward boy drowned in flood) गया। इससे उसकी मौत हो गई। सोमवार को एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने उसका शव तलाश कर बाहर निकाला। मृतक शाहपुर के सरकारी अस्पताल में वार्ड बॉय था। वह घर से शाहपुर आने के लिए निकला था। इस दौरान हादसे का शिकार हुआ।
शाहपुर टीआई शिवनारायण मुकाती ने बताया कि कोबा सिंह पिता तुलसीराम अहाके (42 वर्ष) निवासी रामपुरमाल, शाहपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वार्ड बॉय के पद पर पदस्थ था। रविवार रात 8 बजे वह घर से शाहपुर के लिए निकला था। इस दौरान खदारा कि पास नाले के रपटे के ऊपर से पानी निकल रहा था।
यह रपटा पार करते समय बीच में पहुंचने पर वह पानी के बहाव में बहने लगा। इस पर वह खुद को बचाने के लिए मोटर साइकिल से उतर गया। इसके बावजूद वह बच नहीं पाया। वार्ड बॉय और मोटर साइकिल दोनों बाढ़ में बह गए। तत्काल ही लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। हालांकि अंधेरा हो जाने के कारण तलाश नहीं हो पाई।
इस पर पुलिस ने एसडीआरएफ को सूचना दी। आज सुबह एसडीआरएफ टीम और शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। यहां तलाशी अभियान चलाकर वार्ड बॉय का शव तलाशा गया। उसका शव नाले के रपटे से कुछ दूर ही मिला है। शाहपुर अस्पताल में शव का पीएम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। गौरतलब है कि इस साल बाढ़ में बहने से कई लोगों की मौत हो गई है।



