बैतूल अपडेट

Betul Crime News : बहन की मौत के बाद से था जादू-टोना का संदेह, इसलिए हत्या कर लिया बदला

Betul Crime News: There was a suspicion of witchcraft after the death of the sister, so the murder took revenge

Betul Crime News : बहन की मौत के बाद से था जादू-टोना का संदेह, इसलिए हत्या कर लिया बदला

Betul Crime News: बैतूल जिले के मोहदा थाना क्षेत्र में अधेड़ की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक की हत्या की वजह जादू-टोना का संदेह था। आरोपियों में से एक की बहन की मौत पिछले साल हो गई थी। उसे शक था कि मृतक द्वारा जादू-टोना किए जाने से उसकी मौत हुई है। इसी संदेह को लेकर उसने अपने चाचा और चचेरे भाई के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

भैंसदेही एसडीओपी शिवचरण बोहित ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि थाना मोहदा में 12 मार्च 2023 को रात्रि 3 बजे डायल 100 पर मारपीट कर हत्या करने के संबंध में इवेंट प्राप्त हुआ था। मौके पर डायल 100 हमराह थाना स्टाफ के घटना स्थल पहुंचकर सूचना तस्दीक किए जाने पर वह सही पाई गई। थाना प्रभारी मोहदा स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। इसमें पता चला कि छोटू बटके 12 मार्च को करीब 11 बजे उसके घर से जानवरों को पानी पिलाने के लिये समलू के घर के सामने टाका पर लेकर गया था।

मवेशी पानी पीकर घर वापस आ गये छोटू घर नहीं पहुंचा। इस पर शाम 6 बजे उसकी पत्नी रूनिया ने खेत में जाकर छोटू के भाई को इस बारे में जानकारी दी। इस पर उसका छोटा भाई भी उसे ढूंढने लगा। रात 12 बजे तक भी उसके नहीं मिलने पर भूतपूर्व सरपंच धन्नू धुर्वे को बताया। इस पर उसने बोला कि उसको खेत, जंगल में और ढूंढो। इसके बाद परिजन उसे ढूंढते हुए जंगलू मर्सकोले के खेत तरफ जा रहे थे।

इसी बीच जंगल के खेत में टार्च की लाईट दिखाई दी। वहां जाकर देखा तो रामदास सलामे, उसका काका जुगराम सलामे और उसका लड़का संतोष यह तीनों छोटू को जान से मारकर उसकी लाश को उठाकर फेंकने के लिये जंगल तरफ ले जा रहे थे। परिजनों को देखकर वे तीनों छोटू वटके की लाश को फेंककर भागने लगे। इस बीच दौड़कर जुगराम सलामे को पकड़ लिया गया। दो लोग रामदास और संतोष भाग गये। छोटू वटके की लाश वहीं पड़ी थी।

एसडीओपी श्री बोहित ने बताया कि मोहदा पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुये तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर अपनी अभिरक्षा में ले लिया गया है। आरोपी रामदास के द्वारा लकड़ी से मारपीट करना और गला दबाकर हत्या करना बताया। उसके साथ चाचा जुगराम एवं संतोष के द्वारा जंगल में लाश को फेंकने जाने का बताया। रामदास की बहन की पिछले साल मौत हो गई थी। उसे संदेह था कि छोटू वटके के द्वारा जादू-टोना करने से उसकी बहन की मौत हुई है। तीनों आरोपियों गिरफ्तार कर विधिसंगत कार्यवाही की गई।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button