Collector Surprise Inspection: कलेक्टर का बड़ा एक्शन: 14 डॉक्टरों का वेतन कटेगा, 18 कर्मचारी गैरहाजिर मिले
Collector's surprise inspection: Collector takes major action: 14 doctors' salaries will be deducted, 18 employees found absent

Collector Surprise Inspection: जिले में स्वास्थ्य और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को जिला अस्पताल और कलेक्ट्रेट कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विभागों में कर्मचारी और प्रभारी अधिकारी अनुपस्थित मिले, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी करने और वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल और कार्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कई अहम निर्देश भी दिए गए।
जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं की जांच
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को जिला अस्पताल पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, जनरल वार्ड, डायलिसिस यूनिट, पीआईसीयू, आईसीयू, एसएनसीयू, मेटरनिटी वार्ड, पीएनसी वार्ड, एएनसी वार्ड और आर्थोपेडिक वार्ड सहित कई विभागों का जायजा लिया।
प्रभारी चिकित्सक वार्डों में नहीं मिले
निरीक्षण के समय आर्थोपेडिक वार्ड को छोड़कर बाकी सभी वार्डों में संबंधित प्रभारी चिकित्सक मौजूद नहीं पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कलेक्टर ने 14 प्रभारी चिकित्सकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए कहा।
गलत जानकारी देने पर भी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान लेबर वार्ड की दो स्टाफ नर्सों और सोनोग्राफी वार्ड के एक असिस्टेंट द्वारा गलत जानकारी देने का मामला भी सामने आया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
- यह भी पढ़ें : Guest Teacher Protest: अतिथि शिक्षकों ने कहा- वरिष्ठता का मिले लाभ, नए रजिस्ट्रेशन पर लगे रोक
सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
जिला अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर कलेक्टर ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे और आरएमओ रानू वर्मा भी मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट कार्यालय का भी किया निरीक्षण
अस्पताल निरीक्षण के बाद कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कलेक्ट्रेट कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। यहां महिला एवं बाल विकास विभाग के 12 कर्मचारी, खाद्य विभाग के 3 कर्मचारी और कोषालय के 3 कर्मचारी सुबह 10 बजे के बाद भी अनुपस्थित मिले। इस पर कलेक्टर ने सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
- यह भी पढ़ें : MP Rural Development: एमपी में गरीब परिवारों को मिलेंगे पक्के पीएम आवास, केंद्र सरकार से मिले 2055 करोड़
कार्यालय रखरखाव में मिली कमियां
निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट कार्यालय की रखरखाव व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर कार्यालय नाजिर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कलेक्टर ने श्रम विभाग, खाद्य विभाग, कोषालय, अपर कलेक्टर न्यायालय, भू-अभिलेख शाखा, निर्वाचन शाखा, रिकॉर्ड रूम, खाद्य सुरक्षा, लोक सेवा प्रबंधन, जिला अंत्यवसायी और जिला शिक्षा केंद्र सहित कई शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड रूम में अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव और जानकारी संबंधी सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
- यह भी पढ़ें : Betul Murder Case: शराब के पैसों के विवाद में बेटे ने ली पिता की जान, हादसा बताकर गुमराह करने की कोशिश
कार्यालयों में एकरूपता लाने के निर्देश
कलेक्टर ने सभी विभागों में बैठक व्यवस्था एक जैसी रखने, टेबल व्यवस्थित रखने और हर टेबल के सामने कर्मचारी का नाम व पदनाम लिखी नेमप्लेट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कर्मचारियों के लिए आईडी कार्ड अनिवार्य करने को कहा। उन्होंने विभागों से मेंटेनेंस मद की राशि लेकर कार्यालयों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर वंदना जाट, अपर कलेक्टर मकसूद अहमद और डिप्टी कलेक्टर तृप्ति पटेरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



