Amazing View : सिर के बालों के सहारे झूलते हैं झूला, लटके हुए ही नागा बाबा दिखाते हैं ऐसे करतब कि दंग रह जाते हैं लोग
• नवील वर्मा, शाहपुर
कोई जरा सा बाल खींच लें तो दर्द के मारे आह निकल जाती है। लेकिन क्या आप यकीन करेंगे कि कोई शख्स ना केवल अपने सिर के बालों के सहारे पूरी तरह लटक जाता है और बड़े इत्मीनान के साथ काफी समय तक झूला झूलते रहता है। यही नहीं बालों के सहारे लटके-लटके वह ऐसे करतब भी दिखा लेता है जो कोई सामान्य रूप से भी ना कर पाए।
इन बातों पर आप शायद ही यकीन करे, लेकिन यह हकीकत है। और इस हकीकत को बैतूल जिले के शाहपुर ब्लॉक के बीजादेही क्षेत्र के लोग बीते कई दिनों से प्रत्यक्ष देख रहे हैं। यह नजारे देख वे कभी रोमांचित होते हैं तो कभी दंग रह जाते हैं। कभी-कभी तो करतब देख लोग डर भी जाते हैं कि कहीं कुछ गड़बड़ न हो जाए। हालांकि अपनी कठिन साधना के बल पर वे नागा बाबा हर तरह का करतब सफलता पूर्वक करके लोगों को आश्चर्यचकित होने मजबूर कर देते थे।
दरअसल संत सिंगाजी समिति बरजोरपुर के द्वारा ग्राम में नवरात्रि के उपलक्ष में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया था। जिसमें हरिद्वार से 9 नागा साधु बाबा भी पधारे हैं। इन्होंने आयोजन में 9 दिनों तक सेवा की एवं अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही 24 घंटा अखंड रामायण में सुंदर प्रस्तुति के साथ रामचरितमानस का पाठ किया। इस दौरान उन्होंने कई करतब भी दिखाए। जिन्हें देखने आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
बरजोरपुर के सुरेश यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत टांगनामाल के ग्राम बरजोरपुर में सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें सभी ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। अखंड रामायण की समाप्ति कल सोमवार को हुई। शोभायात्रा में ग्रामवासी और क्षेत्रवासी शामिल हुए। धूमधाम से ढोल ढमाके के साथ पूरे गांव में कलश यात्रा निकाली गई एवं भंडारे का कार्यक्रम रखा गया।




