बैतूल अपडेट

Bhainsdehi Road Accident: बैतूल में दर्दनाक बाइक हादसा: दो की मौत के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण

Bhainsdehi Road Accident: Tragic bike accident in Betul: Villagers took to the streets after two people died

Bhainsdehi Road Accident: बैतूल में दर्दनाक बाइक हादसा: दो की मौत के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण
Bhainsdehi Road Accident: बैतूल में दर्दनाक बाइक हादसा: दो की मौत के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण

Bhainsdehi Road Accident: बैतूल जिले के भैंसदेही क्षेत्र में रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अस्पताल में इलाज में देरी और लापरवाही के आरोपों को लेकर परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक

जानकारी के मुताबिक भैंसदेही-बरहापुर-झल्लार रोड पर रविवार रात दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पोहर निवासी जगदीश अडलक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल मालेगांव निवासी अंकुश वाघमारे को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

दो घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में भूपेंद्र वाघमारे (22) और सुनीता जगदीश (38) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

इलाज में लापरवाही के आरोप

घटना के बाद मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही पहुंच गए। यहां मौजूद डॉक्टरों और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हो गई। लोगों का आरोप था कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अभिषेक भलावी ने गंभीर हालत में पहुंचे मरीजों को समय पर नहीं देखा।

मृतक अंकुश वाघमारे के पिता दिनेश वाघमारे ने आरोप लगाया कि डॉक्टर अपने केबिन में बैठे रहे और उनके बेटे को देखने तक नहीं आए। परिजनों का कहना है कि मदद मांगने पर उन्हें खुद जाकर मरीज देखने की बात कही गई।

शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन

इलाज में लापरवाही के आरोपों से नाराज ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में दोनों मृतकों के शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया गया। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही एसडीएम अजीत मरावी, एसडीओपी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हालात को नियंत्रित करने के लिए भैंसदेही और आठनेर से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाना पड़ा।

आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला

घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा की। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त किया।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भैंसदेही स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि इतने बड़े स्वास्थ्य केंद्र में अब तक पूर्णकालिक बीएमओ की नियुक्ति नहीं की गई है। वर्तमान में भीमपुर के बीएमओ डॉ. दीपक निगवाल को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जिससे व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। सीएमएचओ डॉ. मनोज हुरमाड़े भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच का आश्वासन दिया।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देशदुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button