पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, महज इसलिए उतार दिया था मौत के घाट

बैतूल के मोहदा थाना क्षेत्र में आज सुबह पत्नी की नृशंस हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने महज इसलिए पत्नी की हत्या कर दी, क्योंकि उसने शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए। उससे वह कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है जिससे उसने हत्या की। घटना की सूचना मिलने पर एसपी सिमाला प्रसाद ने भी मौका मुआयना किया और आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस ने बताया कि 8 मार्च 2022 को फरियादी सुरजलाल पिता ओझी मर्सकोले (45) निवासी ग्राम जोगली (बडढाना), दामजीपुरा ने रिपोर्ट किया कि सुबह 6 बजे उसके दामाद पिन्टु उर्फ मनीराम बट्टी पिता चम्पालाल बट्टी (26) निवासी ग्राम देसली ने मेरी लड़की सुमित्रा बट्टी से झगड़ा किया कि मुझे शराब पीने के लिये पैसे चाहिये।
सुमित्रा ने पैसे देने से मना किया। इसी बात पर दामाद पिन्टु उर्फ मनीराम बट्टी ने बिस्तर पर लेटी सुमित्रा को घर में रखी लोहे की कुल्हाड़ी से सिर में मारा। जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा और सुमित्रा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। रिपोर्ट पर थाना मोहदा में धारा 302 के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद एवं एसडीओपी सीएस बोहित भैसदेही घटना स्थल पर पहुंचे। जिन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण कर आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिये। पुलिस ने आरोपी पिन्टु उर्फ मनीराम बट्टी को तत्काल गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे की कुल्हाड़ी को विधिवत जब्त कर लिया है।
आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी मोहदा निरीक्षक रविकान्त डेहरिया, कार्यवाहक उप निरीक्षक केंडिया धुर्वे, प्रधान आरक्षक चन्द्रकान्त परते, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक कामता प्रसाद, रमेश तेकाम, आरक्षक उमेश विश्वकर्मा, प्रफुल धुर्वे, नितिन दुबे की विशेष भूमिका रही।



