बड़ी खबरें

Atal Pension Yojana Extended: अटल पेंशन योजना 2030-31 तक बढ़ी, 42 रुपये महीने में मिलेगी 5 हजार तक पेंशन

Atal Pension Yojana Extended: बुढ़ापे में नियमित आय की चिंता करने वाले लोगों के लिए अटल पेंशन योजना एक भरोसेमंद सहारा बनी हुई है। केंद्र सरकार ने इस योजना को लेकर बड़ा फैसला लिया है, जिससे करोड़ों लोगों को लंबे समय तक लाभ मिलता रहेगा। केंद्रीय कैबिनेट ने अटल पेंशन योजना को वित्त वर्ष 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दे दी है। इस फैसले से संगठित और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को रिटायरमेंट के बाद निश्चित पेंशन का भरोसा बना रहेगा।

2030-31 तक जारी रहेगी अटल पेंशन योजना

केंद्र सरकार की अटल पेंशन योजना को अब 2030-31 तक बढ़ा दिया गया है। यह फैसला केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लिया गया। इस योजना के तहत 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद लाभार्थी को हर महीने 1,000 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक की पेंशन मिलती है। अटल पेंशन योजना की शुरुआत मई 2015 में की गई थी, जिसका उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के कामगारों को बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा देना है।

कम से कम 20 साल का निवेश जरूरी

अटल पेंशन योजना में वही व्यक्ति निवेश कर सकता है जिसकी उम्र 18 से 40 साल के बीच हो। इस योजना से जुड़ने के बाद सब्सक्राइबर को न्यूनतम 20 साल तक नियमित निवेश करना होता है। 60 साल की उम्र पूरी होने पर पेंशन की राशि तय होती है और उसी के अनुसार भुगतान शुरू होता है। जितनी जल्दी कोई व्यक्ति इस योजना से जुड़ता है, उसे उतना ही कम मासिक योगदान करना पड़ता है।

पेंशन की रकम के अनुसार तय होता है योगदान

इस योजना में हर महीने कितना पैसा जमा करना होगा, यह इस बात पर निर्भर करता है कि रिटायरमेंट के बाद कितनी पेंशन चाहिए। अगर कोई व्यक्ति 18 साल की उम्र में योजना से जुड़ता है तो उसे 1,000 रुपये की पेंशन के लिए 42 रुपये प्रतिमाह और 5,000 रुपये की पेंशन के लिए 210 रुपये प्रतिमाह जमा करने होते हैं। वहीं 40 साल की उम्र में योजना लेने पर यही योगदान 291 रुपये से शुरू होकर 1,454 रुपये प्रतिमाह तक पहुंच जाता है। साफ है कि कम उम्र में जुड़ने से निवेश का बोझ कम हो जाता है।

इन्हें महज 42 रूपये महीने करना होगा जमा

अगर 18 साल का व्यक्ति हर महीने 42 रुपये जमा करता है तो 60 साल की उम्र के बाद उसे 1,000 रुपये पेंशन मिलेगी। 84 रुपये जमा करने पर 2,000 रुपये, 126 रुपये पर 3,000 रुपये, 168 रुपये पर 4,000 रुपये और 210 रुपये जमा करने पर 5,000 रुपये मासिक पेंशन तय होती है। वहीं 40 साल की उम्र में 291 रुपये जमा करने पर 1,000 रुपये, 582 रुपये पर 2,000 रुपये, 873 रुपये पर 3,000 रुपये, 1,164 रुपये पर 4,000 रुपये और 1,454 रुपये जमा करने पर 5,000 रुपये की पेंशन मिलती है। 19 से 39 साल की उम्र के लिए भी अलग-अलग योगदान राशि तय है, जिसकी जानकारी बैंक या ऑनलाइन मिल सकती है।

किस्त जमा करने में मिलती है सुविधा

अटल पेंशन योजना में निवेशक अपनी सुविधा के अनुसार मासिक, तिमाही या छह महीने में एक बार योगदान कर सकता है। योजना के तहत राशि ऑटो डेबिट के जरिए सीधे बैंक खाते से कटती है और पेंशन खाते में जमा हो जाती है। इससे निवेशक को हर बार भुगतान की चिंता नहीं रहती।

मृत्यु के बाद भी परिवार को सुरक्षा

अगर सब्सक्राइबर की मृत्यु हो जाती है तो उसके जीवनसाथी को वही पेंशन दी जाती है। सब्सक्राइबर और उसके जीवनसाथी दोनों के निधन के बाद 60 साल की उम्र तक जमा की गई पूरी राशि नॉमिनी को वापस कर दी जाती है। यदि 60 साल से पहले सब्सक्राइबर की मृत्यु होती है तो जीवनसाथी के पास दो विकल्प होते हैं। वह या तो योगदान जारी रख सकता है या फिर खाते में जमा पूरी राशि निकाल सकता है।

इनकम टैक्स देने वालों को लाभ नहीं

सरकार ने 1 अक्टूबर 2022 से नियम लागू किया है कि जो लोग इनकम टैक्स देते हैं, वे अटल पेंशन योजना में नया खाता नहीं खोल सकते। यह योजना टैक्सपेयर्स के लिए नहीं है। अटल पेंशन योजना के लिए सेविंग्स बैंक अकाउंट होना अनिवार्य है। बिना बैंक खाते के इस योजना का लाभ नहीं लिया जा सकता। मंथली कॉन्ट्रिब्यूशन की तारीख पहली जमा की गई राशि के आधार पर तय होती है। सब्सक्राइबर के लिए नॉमिनी रखना जरूरी है और इस योजना में सिर्फ एक ही अकाउंट खोलने की अनुमति है। अगर खाते में तय तारीख पर बैलेंस नहीं होता है तो योगदान न होने पर जुर्माना भी लगाया जाता है।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button