Betul Collector Meeting: बैतूल में अफसरों की क्लास, संबल योजना में कम प्रोग्रेस पर सीईओ को नोटिस, नॉन-अटेंड शिकायतों पर जुर्माना
Betul Collector Meeting: Officers' class in Betul, notice to CEO on slow progress in Sambal Yojana, fine for non-attendance of complaints

Betul Collector Meeting: बैतूल जिले में आम लोगों की शिकायतों के समाधान को लेकर प्रशासन अब और सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने अधिकारियों को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जनसमस्याओं के निराकरण में ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय सीमा (TL) बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, संबल पंजीयन, जनगणना और विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की हुई समीक्षा
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने विभागवार सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता के तौर पर नहीं, बल्कि संतुष्टिपूर्ण तरीके से किया जाए ताकि लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सभी विभागों को समय सीमा के भीतर शिकायतों का निपटारा सुनिश्चित करने को कहा।

जल संसाधन, श्रम और सामाजिक न्याय विभाग को निर्देश
बैठक के दौरान जल संसाधन विभाग, श्रम विभाग और सामाजिक न्याय विभाग की शिकायतों पर विशेष चर्चा हुई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सामाजिक न्याय विभाग को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने को कहा गया।
संबल पंजीयन में कम प्रगति पर नाराजगी
कलेक्टर ने श्रम विभाग को जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों के साथ समन्वय बनाकर संबल पंजीयन अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। समीक्षा में जनपद पंचायत भीमपुर की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर कलेक्टर ने वहां के सीईओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

नॉन-अटेंड शिकायतों पर लगेगा जुर्माना
बैठक में नॉन-अटेंड शिकायतों को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन विभागों ने शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया है, उन पर प्रति शिकायत 500 रुपये के हिसाब से जुर्माना लगाया जाए। यह राशि रेडक्रॉस मद में जमा कराई जाएगी। साथ ही जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर हल करने पर जोर दिया गया।
- यह भी पढ़ें : Collector Surprise Inspection: कलेक्टर का बड़ा एक्शन: 14 डॉक्टरों का वेतन कटेगा, 18 कर्मचारी गैरहाजिर मिले
जनगणना और सीमांकन कार्य की समीक्षा
जनगणना 2026 के तहत मकान सूचीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। बैतूल नगर तहसील द्वारा शत-प्रतिशत हाउस लिस्टिंग कार्य पूरा करने पर कलेक्टर ने सराहना की। वहीं जिन ब्लॉकों में काम धीमा है, वहां तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सीमांकन मामलों का अलग रजिस्टर तैयार कर 15 जून तक सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण करने को कहा गया।
ई-केवायसी और फार्मर रजिस्ट्री के लिए लगेंगे शिविर
समग्र ई-केवायसी और फार्मर रजिस्ट्री कार्य को गति देने के लिए गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। इन शिविरों में कृषि, राजस्व और अन्य विभागों के कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस संबंध में अपर कलेक्टर को आदेश जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
रूफ वाटर हार्वेस्टिंग और सफाई व्यवस्था पर जोर
कलेक्टर ने बारिश से पहले रूफ वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने प्रत्येक जनपद पंचायत में 150, नगरपालिका में 500 और नगर पंचायतों में 150 कार्य पूरे करने के लक्ष्य निर्धारित किए। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सड़कों तथा नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि बारिश के दौरान जल निकासी प्रभावित न हो। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, सभी एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



