डीजल चोरी मामले का खुलासा: छिंदवाड़ा से आकर बनाते थे वाहनों को निशाना, चार धराए, दो इंडिगो कार भी जब्त

नेशनल हाईवे पर स्थित ग्राम मालेगाव के स्टोन क्रेशर से बीते दिनों अज्ञात चोरों ने चार वाहनों से डीजल चुरा लिया था। इस मामले का आज पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
टीआई सुनील आटा ने बताया छिंदवाड़ा निवासी धर्मेश पिता बिलाजी पारदी 32 साल, बिलाल पिता रियाज खान 21 साल, हमान पिता शिव कुमार यादव 21 साल और मोहित पिता प्रहलाद चौधरी 20 साल छिंदवाड़ा से इंडिगो कार से आकर वाहनों से डीजल चुराते थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि इंडिगो कार में कुछ संदिग्ध लोग घूम रहे हैं।

पुलिस ने गश्त के दौरान नेशनल हाईवे पर स्थित एक स्कूल के पास से मार्ग से जा रही इंडिगो कार को रोककर कार में सवार लोगों से पूछताछ की। कार की तलाशी लेने पर प्लास्टिक की केन में डीजल भरा हुआ था। कार सवार युवकों को थाने लाकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने छिंदवाड़ा से इस क्षेत्र में आकर स्टोन क्रेशर पर खड़े वाहनों से डीजल चुराना कबूल किया। पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से 200 लीटर डीजल और दो इंडिका कार जप्त की है। डीजल चोरों के पकड़ाने से क्षेत्रवासियों ने राहत महसूस की है।




