बैतूल अपडेट

Betul Accident News: दो सड़क हादसे, युवक की मौत, तीन गंभीर घायल, एक का पैर कटा

Betul Accident News: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में 2 सड़क हादसे हो गए। एक हादसे में बाइक पुलिया में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं बैतूल-नागपुर नेशनल हाईवे पर हुए दूसरे हादसे में एक ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक व्यक्ति का तो पैर ही कट गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक आमला क्षेत्र के ग्राम नाहिया निवासी 20 वर्षीय कमलेश गुरुवार शाम को अपने भतीजे को बाइक से तिरमहु गांव छोड़ने गया था। वापस लौटते समय रास्ते में बाईक अनियंत्रित होकर पुलिया में गिर गई। जिससे उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे घायल अवस्था में देखा और तुरंत परिजनों को सूचित किया।

भोपाल ले जाते समय तोड़ा दम (Betul Accident News)

प्राथमिक उपचार के लिए कमलेश को आमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उसे रात में बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर भोपाल रेफर कर दिया गया। लेकिन, बुधनी के पास एंबुलेंस में ही उसकी मौत हो गई।

आर्मी में भर्ती की कर रहा था तैयारी (Betul Accident News)

बताया जाता है कि कमलेश आर्मी में भर्ती की तैयारी कर रहा था। कमलेश दो भाई और तीन बहनों में से एक था। उसका बड़ा भाई बैतूल की सरकारी डेयरी में कार्यरत है और पिता किसान हैं। डॉक्टरों के अनुसार अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हुई। जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

दूसरा हादसा: बैतूल-नागपुर हाईवे पर (Betul Accident News)

शुक्रवार दोपहर में दूसरा हादसा मुलताई शहर से लगे नागपुर हाईवे पर करीब 2 बजे वीआईपी स्कूल के पास हुआ। यहां बाइक पर सवार होकर स्कूल की ओर जा रहे तीन लोगों को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति का पैर कटकर पूरी तरह अलग हो गया। वहीं एक महिला का पैर टूट गया और एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

टक्कर मार कर फरार हुआ ट्रैक्टर चालक (Betul Accident News)

जानकारी के अनुसार घाटबिरोली निवासी योगेश पिता बालाराम (35 वर्ष), मोना पति विजय (35 वर्ष) और दीपांशु पिता विजय कुनबी (9 वर्ष) बाइक पर सवार होकर स्कूल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने वीआईपी स्कूल के पास उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

एक पांव कटकर हो गया अलग (Betul Accident News)

इस हादसे में योगेश का एक पैर कटकर अलग हो गया। जिससे वह मौके पर ही गंभीर अवस्था में तड़पने लगा। मोना का पैर बुरी तरह से टूट गया और 9 वर्षीय दीपांशु को सिर और पीठ में गहरी चोटें आईं। तीनों की हालत गंभीर देख तत्काल मौके पर मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस (संजीवनी) को सूचना दी। एंबुलेंस से घायलों को प्राथमिक उपचार हेतु मुलताई के शासकीय अस्पताल लाया गया।

गंभीर स्थिति होने से बैतूल किया रेफर (Betul Accident News)

प्राथमिक इलाज के बाद घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बैतूल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल मोना और योगेश आपस में दूर के भाई-बहन बताए जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर वाहनों की गति पर नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। (Betul Accident News)

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button