Multai Railway Station: साढ़े 17 करोड़ से होगा मुलताई स्टेशन का कायाकल्प, पीएम मोदी ने किया वर्चुअली भूमिपूजन
Multai Railway Station: Multai station will be rejuvenated with 17.5 crores, PM Modi did virtual Bhumi Pujan
▪️ राकेश अग्रवाल, मुलताई
Multai Railway Station: केंद्र सरकार द्वारा मुलताई रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल इसका भूमिपूजन किया गया। इस को लेकर मुलताई रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें स्कूली बच्चों ने प्रस्तुति दी। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, विधायक सुखदेव पांसे, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार सहित अन्य लोग शामिल हुए।
नगर के रेलवे स्टेशन का अमृत स्टेशन योजना अन्तर्गत चयन होने के बाद अब 17.49 करोड़ की लागत से उन्नयन किया जाएगा। जिसके लिए आज स्टेशन पर भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं रेलवे अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला पंचायत के अध्यक्ष राजा पवार ने मंच से कहा कि मुलताई में जल्दी ही दादा धाम एक्सप्रेस और जयपुर चेन्नई एक्सप्रेस का स्टॉपेज करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुलताई वासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को भी पूरा किया जाएगा। वहीं विधायक सुखदेव पांसे ने कहा कि उन्होंने उनके कार्यकाल में मुलताई में कई ट्रेनों का स्टॉपेज करवाया है। आगे भी ट्रेनों के स्टॉपेज के लिए प्रयासरत रहेंगे।
यह सुविधाएं कराई जाएंगी उपलब्ध
इस संबंध में रेलवे विभाग ने बताया कि 7.5 मीटर चौड़ा 460 मीटर लंबा सर्कुलेटिंग रोड बनाया जाएगा। वहीं 400 मीटर एप्रोच रोड भी स्वीकृत है। पानी निकासी के लिए डेढ़ मीटर चौड़ी 100 मीटर लंबी नालियों का निर्माण भी साथ में किया जाएगा। पार्किंग के लिए 500 स्क्वायर मीटर लगभग एरिया सुरक्षित रखा गया है। वहीं 400 मीटर लंबा पाथ-वे भी बनाया जाएगा। 10.73 लाख रुपए की लागत से 5125 स्क्वायर मीटर एरिया में गार्डन बनाकर मूर्तियां भी लगाई जाएगी। 250 मीटर एरिया में बाउंड्री वॉल बनाई जाना है। वही 260 स्क्वायर मीटर एरिया में एप्रोच और दो गेट का निर्माण किया जाएगा।
एक बुकिंग ऑफिस और एक वेटिंग हॉल का भी सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके अलावा फिलहाल मुलताई स्टेशन पर 5:00 शेड बने हुए हैं, 2 नए शेड और बनाए जाएंगे। साथ ही कोच इंडिकेटर, मल्टीलाइन डिस्प्ले बोर्ड आदि भी लगाए जाने का प्रावधान है। फिलहाल मुलताई स्टेशन पर एक फुट ओवर ब्रिज 3 मीटर चौड़ा है, जो कि 35/65 मीटर लंबा 12/6 मीटर चौड़ा तीन लिफ्ट के साथ 3 रैंप वाला फुटओवर ब्रिज भी बनाया जाएगा।



