Betul Collector News: कलेक्टर ने मांगी मटेरियल की टेस्ट रिपोर्ट, नहीं मिलने पर लगाई फटकार, छत पर चादर देख बोले- ये टोपी वाला आइडिया किसका
Betul Collector News: The collector asked for the test report of the material, reprimanded for not getting it, looking at the sheet on the roof said - whose idea is this cap
▪️ मनोहर अग्रवाल, खेड़ी सांवलीगढ़
Betul Collector News: बैतूल जिला मुख्यालय के समीप बैतूल विकासखंड की ग्राम पंचायत खेड़ी में शुक्रवार दोपहर में कलेक्टर बैतूल अमनवीर सिंह बैंस ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन अस्पताल भवन और स्कूलों का निरीक्षण किया। यहां पर जमकर धांधली नजर आने पर उन्होंने खासी फटकार लगाई और गुणवत्ता में सुधार लाने की हिदायत दी।
कलेक्टर श्री बैंस ने सबसे पहले ग्राम खेड़ी सांवलीगढ़ में सात करोड़ की लागत से बन रहे अस्पताल भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार की मटेरियल प्रयोगशाला में जाकर लेब संचालक से निर्माण सामग्री रेता और गिट्टी की रिपोर्ट मांगी। लेकिन, जब वह रिपोर्ट नहीं दे सका तो कलेक्टर श्री बैंस ने तमतमाकर कहा कि दोनों मटेरियल घटिया है। ऐसे काम होता है क्या। इसके बाद उन्होंने आलमारी से फाइल निकाली तो वह किसी दूसरे साइट की थी।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री बैंस ने शासकीय कन्या हाईस्कूल का निरीक्षण किया। यहां पहुंचते ही उन्होंने स्कूल भवन पर तंज कसा क्योंकि हाईस्कूल भवन की छत से पानी रिसाव होने के कारण प्रबंधन ने पूरी छत को टीन की चादरों से ढंक दिया था। कलेक्टर ने प्रिंसिपल से कहा कि यह टोपी वाला जुगाड़ कौन सुझाया है। खराब छत तो झड़ती रहेगी, भले पानी छत पर नहीं गिरेगा। डैमेज हुआ छत तो झड़ेगा ही, उसे नहीं रोक पाओगे।
उन्होंने टीन की चादर की गुणवत्ता और बजट खर्च की जानकारी प्रिंसिपल से देने को कहा। स्कूलों पर पीएचई के ठेकेदार के द्वारा लगायी गयी टंकी और अस्त व्यस्त पाइप लाइन स्टैंड की फटी हुई टाइल्स देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इसे पुनः बनाया जावे।
कन्या प्राथमिक शाला में बरसात का पानी भवन में जमा होने पर ग्राम सरपंच को नाली बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अनिविभागीय अधिकारी बैतूल, तहसीलदार बैतूल, जनपद बैतूल सीईओ और राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।



