बैतूल अपडेट

Betul Crime News: शराब ठेकेदार के कर्मचारी की धारदार हथियार से हत्या, रात में ढाबे पर हुआ था विवाद, तीन हिरासत में

Betul Crime News: Liquor contractor's employee was murdered with a sharp weapon, there was a dispute at Dhaba in the night, three in custody

Betul Samachar: शराब ठेकेदार के कर्मचारी की धारदार हथियार से हत्या, रात में ढाबे पर हुआ था विवाद, तीन हिरासत में

▪️ लवकेश मोरसे, दामजीपुरा

Betul Crime News: बैतूल जिले के मोहदा थाना क्षेत्र में बुधवार रात को धारदार हथियार से एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक शराब ठेकेदार का कर्मचारी था। चिल्लौर गांव के पास ढाबे पर हुए विवाद के बाद हत्या की गई। कंबल बेचने वाले 3 लोगों का नाम हत्या की घटना को अंजाम देने वालों के रूप में सामने आ रहे हैं। पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

मोहदा थाना में पदस्थ उप निरीक्षक रोहित टेकाम ने बताया कि बीती रात चिल्लौर से आगे किशन ढाबे पर गाड़ी लगाने की बात पर शराब ठेकेदार के कर्मचारी मालीपुरा निवासी विक्रम चौहान की हत्या कर दी गई है। विक्रम का ढाबे पर पहुंचे कंबल बेचने वाले तीन-चार लोगों से विवाद हुआ था। विवाद के बीच आरोपियों में से एक ने विक्रम के सीने में धारदार हथियार मार दिया। इसके बाद घायल विक्रम को भीमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने कंबल बेचने वाले करन नाथ, काना नाथ और दिलीप को हिरासत में लिया है। बताते हैं कि मृतक और आरोपियों की पहले से जान पहचान थी। बताया जा रहा है कि धारदार और नुकीले हथियार का वार सीधे उसके दिल के पास किया गया। जिससे हमले के बाद ही उसकी मौत हो गई। एसआई रोहित टेकाम के अनुसार जब वे भीमपुर सीएचसी पहुंचे, तब तक विक्रम की मृत्यु हो चुकी थी। आरोपी चंडी दरबार से बकरा कार्यक्रम से लौट रहे थे।

बताया यह भी जा रहा है कि आरोपियों में राजस्थान का हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है जो यहां फरारी काट रहा है। फिलहाल पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

Related Articles

Back to top button