बड़ी खबरें

Murder : सारणी में महिला को बेरहमी से पीट कर उतारा मौत के घाट, बैतूल में ट्रेनिंग ऑफिसर पर जानलेवा हमला

▪️ सोनू सोनी, सारणी
बैतूल जिले के सारणी थाना क्षेत्र में एक महिला की बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या (woman brutally beaten to death) का सनसनीखेज मामला (sensational case) सामने आया है। हत्या की घटना को महिला के पति द्वारा ही अंजाम दिए जाने की बात पुलिस कह रही है। घटना बुधवार शाम 5 बजे की बताई जा रही है। हत्या करने के बाद आरोपी पति फरार हो गया। बच्चे के स्कूल से घर पहुंचने पर मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सारणी के शिवाजी वार्ड क्रमांक 5 में आज शाम पूनम खादीकर (32) नामक महिला की उसी के पति नीलेश उर्फ कालू खादीकर ने बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह फरार हो गया। इधर उसका बेटा जब स्कूल से घर पहुंचा तो उसने मां को खटिया पर मृत अवस्था में पड़े देखा। इस पर अन्य लोगों को जानकारी दी।

दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी का माहौल है। इधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना कर रही है। टीआई रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि महिला के पति द्वारा हत्या की गई है। वह फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। हत्या किए जाने की वजह अभी सामने नहीं आ पाई है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।

कुल्हाड़ी से हमले में ट्रेनिंग ऑफिसर गंभीर

इधर बैतूल के गंज थाना क्षेत्र के खंजनपुर क्षेत्र में आज सुबह मार्निंग वॉक पर जा रहे एक आईटीआई ट्रेनिंग ऑफिसर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। परिजन उन्हें बैतूल के निजी अस्पताल ले गए जहां से उन्हें नागपुर रेफर कर दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक आज सुबह आईटीआई में पदस्थ ट्रेनिंग ऑफिसर नवीन पिता गोकुल मालवीय मार्निंग वॉक पर निकले थे। रास्ते में रविशंकर मालवीय नामक व्यक्ति ने उन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। जिससे नवीन मालवीय को शरीर पर कई चोटें लगी हैं। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें नागपुर ले गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी रविशंकर के खिलाफ धारा 307 का मामला पंजीबद्ध कर लिया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। बताया जाता है कि दोनों के बीच कोई पुरानी रंजिश नहीं है। ऐसे में हमला क्यों किया गया, यह आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही सामने आएगा।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button