गुजरात और राजस्थान में कई जगह छापे मारने के बाद मिला चोरी गया ट्रक, कुल 85 लाख का माल बरामद, आरोपी हेल्पर और उसका साथी गिरफ्तार

▪️उत्तम मालवीय, बैतूल
थाना गंज बैतूल (Thana Ganj Betul) पुलिस द्वारा आबकारी रोड पर केन्द्रीय विद्यालय के सामने से एल्युमीनियम भरे ट्रक के चोरी होने का मामला सुलझा लिया गया है। इस मामले में दो आरोपी शिवा वाड़िवा तथा शिवप्रसाद को पकड़ा गया है। साथ ही ट्रक तथा ट्रक में भरा एल्युमीनियम कुल मशरूका लगभग 85 लाख 22 हजार रुपए का जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि 22 अगस्त 2022 को फरियादी राजेश वराठे द्वारा स्वयं ट्रक के हेल्पर द्वारा ट्रक MP-09/एचएच-9650 को ट्रक में लदे एल्युमीनियम सहित चोरी कर लिये जाने की रिपोर्ट की गई थी। रिपोर्ट पर थाना गंज में धारा 381 के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान मिली जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक MP-09/एचएच-9650 और उसमें लदे एल्युमीनियम को बड़ोदरा गुजरात तरफ जाने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस अधीक्षक बैतूल सिमाला प्रसाद के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सृष्टि भार्गव के मार्गदर्शन में अपराध पतारसी हेतु टीम का गठन किया गया।
- यह भी पढ़े: मोमबत्ती के उजाले में चल रही थी जुआ फड़, पुलिस ने आधी रात 5 किमी पैदल चलकर मारी दबिश, आधा दर्जन जुआरी धराएं
गंज पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुये आरोपी हेल्पर शिवा वाड़िवा पिता धन्तु वाडिया (20) निवासी ग्राम किल्लोद, थाना आमला और शिवप्रसाद पिता श्यामराव तुमड़ान (24) निवासी ग्राम बघबाड़ थाना आमला को मय ट्रक और ट्रक में लदे एल्युमीनियम सहित राजस्थान एवं गुजरात में कई जगहों पर दबिश देते हुए बड़ोदरा गुजरात से गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपी की तलाश जारी है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनुराग प्रकाश, एसआई छत्रपाल धुर्वे, एएसआई रामस्वरूप रघुवंशी, आरक्षक शिवेन्द्र सिंह तोमर, सुभाष बघेल की सराहनीय भूमिका रही।



