नदी में कूदे युवक का दूसरे दिन भी नहीं चला पता, एक के गुम होने की मिली सूचना; ऊंचाई से गिरकर महिला की मौत
बैतूल (Betul Update)। बैतूल जिले के झल्लार थाना क्षेत्र में ताप्ती नदी के पुराने पुल से नदी में छलांग (jump in the river) लगाने वाले युवक का शनिवार को दूसरे दिन भी पता नहीं चल पाया। आज दिन भर भी एसडीआरएफ (SDRF) टीम और झल्लार पुलिस उसकी तलाश करती रही। इधर खेड़ी सांवलीगढ़ पुलिस चौकी में आज एक युवक के गुमने की सूचना दी गई है। इससे कयास लगाए जा रहे है कि कहीं उक्त युवक वही तो नहीं है। इसके अलावा एक महिला की सीमेंट की बोरी सहित ऊंचाई से गिरने से मौत (death by falling from height) हो गई।
ताप्ती नदी के पुराने पुल से शुक्रवार शाम 5 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने नदी में छलांग लगा दी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के बड़े बाल थे। उसने छोटे पुल से बहती नदी की धारा में छलांग लगा दी। इसके पहले लोग कुछ समझ पाते और उसे बचाने का प्रयास करते, वह पानी के तेज प्रवाह में बह गया। ताप्ती नदी में पानी अधिक होने के कारण उसे बचाने के भी प्रयास नहीं हो सके।
प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण तलाश बंद करना पड़ा। आज शनिवार को भी एसडीआरएफ की टीम और झल्लार पुलिस मौके पर पहुंची। आज भी पूरे दिन तलाश चलती रही। लेकिन, उसका पता नहीं चल पाया है। इसके चलते अब रविवार को फिर एक बार तलाशी अभियान चलेगा।
युवक कौन है और नदी में क्यों कूदा, इस बारे में अभी तक कुछ स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि बताया जाता है कि आज खेड़ी सांवलीगढ़ पुलिस चौकी में कुछ लोग पहुंचे और परिवार के एक युवक के गुम होने की जानकारी दी है। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं ताप्ती नदी में कूदा युवक वही तो नहीं है, लेकिन जानकारी में काफी अंतर आ रहा है। इससे फिलहाल स्पष्ट तौर पर कुछ भी नहीं कहा जा सकता।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी में कूदने वाले के बाल लंबे थे वहीं उसने काले रंग का हाफ पैंट और गहरे नीले कलर की टी शर्ट पहनी थी। उसकी उम्र 22 से 24 साल की होने की बात कही थी। वहीं परिजन लंबे बाल होना तो बता रहे हैं, लेकिन कपड़ों के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। इसके अलावा उम्र भी लगभग 40 साल बता रहे हैं। ऐसे में युवक के मिलने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस संबंध में झल्लार थाना प्रभारी दीपक पाराशर ने बताया कि ताप्ती नदी में कूदे युवक का आज भी कोई पता नहीं चला है। वह कौन है, इस बारे में भी कोई ठोस जानकारी नहीं है। हालांकि आज खेड़ी चौकी में कुछ लोग पहुंचे थे। उन्होंने एक युवक के गुम होने की जानकारी दी थी। हालांकि उक्त युवक और नदी में कूदे युवक के बारे में केवल बाल बड़़े होने की जानकारी मेल खा रही है। कपड़ों के बारे में जहां परिजन स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं वहीं उम्र में भी अंतर आ रहा है। ऐसे में युवक के मिलने पर ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
सीमेंट की बोरी सहित गिरी महिला, मौत
उधर चिचोली थानांतर्गत एक महिला की सीमेंट की बोरी लेकर सीढ़ी पर चढ़ते समय संतुलन बिगड़ने से बोरी सहित गिर गई। जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सीमा कुमरे उम्र 26 वर्ष निवासी नसीराबाद मजदूरी का कार्य करती थी। महिला कल अपने काम पर थी और भवन निर्माण में मजदूरी का कार्य कर रही थी।
वह सीढ़ी से सिर पर रख कर सीमेंट की बोरी ले जा रही थी। इसी बीच अचानक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। उसके सिर पर रखी सीमेंट की बोरी गले पर गिर गई। जिसमें महिला को गंभीर चोटें आई थी। उसे तत्काल चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे चिचोली से बैतूल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। हालांकि जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि महिला का एक बेटा और एक बेटी है। उसका पति भी राजस्थान में मजदूरी का कार्य करता है।



