युवक ने छत के हुक से फांसी लगाकर दी जान, पुलिस थाना से दस कदम की दूरी पर चोरी, सड़क हादसे में दो युवक घायल

▪️ विजय सावरकर, मुलताई
बैतूल जिले के मुलताई नगर में राजीव गांधी वार्ड निवासी एक युवक ने मंगलवार शाम में अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। युवक ने किन परिस्थितियों में मौत को गले लगाया, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। उधर साईंखेड़ा में पुलिस थाना से दस कदम दूर ही एक दुकान में चोरी हो गई। रानीपुर क्षेत्र में सड़क हादसे में दो युवक घायल हो गए। इनमें से एक गंभीर है।
राजीव गांधी वार्ड मुलताई निवासी राहुल पिता दिनेश कड़वे ने फांसी लगाए जाने की सूचना पुलिस थाने में दी। राहुल ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम 7 बजे के दरमियान मोहल्ले की आशाबाई देशमुख उसके पास रोते हुए आई। उसने बताया कि उसका बेटा मोनू उर्फ विजय पिता बबन देशमुख 20 साल दोपहर से घर के अंदर है। वह दरवाजा नहीं खोल रहा है।
इस पर राहुल ने मोनू के घर जाकर खिड़की का कांच तोड़कर देखा तो मोनू उर्फ विजय देशमुख कमरे में छत के हुक में रस्सी से फांसी पर लटका दिखाई दिया। पुलिस द्वारा मृतक मोनू का शव नीचे उतरवाकर पीएम के बाद परिजनों को सौंपा गया है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। मोनू ने किन परिस्थितियों में फांसी लगाई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
साईंखेड़ा में दुकान में किए हाथ साफ

▪️ दीनू पंवार, साईंखेड़ा
ग्राम साईंखेड़ा में बीती रात्रि में चोरों ने एक दुकान में सामान पर हाथ साफ कर दिया। दुकान संचालक अश्विनी सोनी ने बताया कि रात करीब 9 बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। आज सुबह दुकान आए तो देखा दुकान का ताला कटा हुआ था। दुकान में सामान बिखरा हुआ था। दुकान में करीब दस हजार रुपए की कीमत का सामान और 3 हजार रुपए चिल्लर की थैली पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया है।
- Read Also : लापरवाही उजागर : ई कोलाई बैक्टीरिया युक्त पानी पिला रही थी नगर परिषद, आधा दर्जन और मरीज जिला अस्पताल रेफर
इससे एक माह पूर्व बगल वाली दुकान में चोरी की घटना हुई थी। वहीं कुछ दिन पहले ससुंद्रा चौराहे पर चार दुकानों और आरटीओ चेक पोस्ट पर एक दुकान में चोरी हो चुकी है। विगत कुछ ही दिनों कई चोरी की घटनाएं हो चुकी है। इसके बाद भी पुलिस के हाथ अब तक कुछ भी नहीं लग पाया है। यह दुकान तो पुलिस थाने से दस कदम ही दूर है। इसके बावजूद चोरों ने कमाल दिखा दिया। दुकानदारों ने चोरों को तलाश कर उचित कार्यवाही की मांग की है।
बाइक स्लिप होने से दो घायल

▪️ प्रकाश सराठे, रानीपुर
बैतूल-परासिया स्टेट हाईवे पर आमढाना के पास मोटर साइकिल स्लिप होने से 2 युवक घायल हो गए। इस हादसे में लल्ला पिता सावनिया उम्र 20 साल के सिर और हाथ-पांर में चोट आई है। प्राथमिक उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से उसे घोड़ाडोंगरी अस्पताल में भर्ती कराया है। दूसरे व्यक्ति को मामूली चोट आई है। इन्हें घोड़ाडोंगरी 108 के पायलट रुपेश पाठेकर और प्रदीप सोलंकी ने मदद पहुंचाई।



