हादसे : बुजुर्ग की कुएं में डूबने से मौत, आंखों में कम आता था नजर; बाइक दुर्घटना में दो युवक घायल, एक गंभीर
• विजय सावरकर, मुलताई
बैतूल जिले के थाना साईंखेड़ा क्षेत्र के ग्राम सोपई में एक बुजुर्ग की कुएं के पानी में डूबने से मौत हो गई। आंखों में कम नजर आने से बुजुर्ग कुएं में गिरा। वहीं दुनावा-सरई मार्ग पर बाइक दुर्घटना में दो युवक घायल हो गए। जिसमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर किया है।
ग्राम सोपई निवासी बारक्या पिता गन्या राने 80 साल को आंखों से कम दिखता था। बारक्या सोमवार को घर से कहीं चला गया था। परिजनों ने आसपास तलाश की। लेकिन, कहीं पता नहीं चला। मंगलवार सुबह बारक्या का शव किसान दिनेश राने के खेत में स्थित कुएं के पानी में तैरते हुए मिला। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
- यह भी पढ़ें… स्तंभेश्वर महादेव मंदिर : भक्तों को दर्शन देकर गायब हो जाता है यह मंदिर, दर्शन मात्र से मिलती है सभी कष्टों से मुक्ति
उधर प्रभातपट्टन ब्लाक के ग्राम सालईढाना निवासी अर्जुन धुर्वे 19 साल अपने रिश्तेदार संजय धुर्वे 20 साल निवासी पांडरीखापा (छिंदवाड़ा) के साथ बाइक से पांडरीखापा जा रहा था। ग्राम सरई से दुनावा जाने वाले मार्ग पर बाइक अनियंत्रित हो गई। जिससे दोनों नीचे गिर गए। दोनों घायलों को निजी वाहन से इलाज के लिए अस्पताल लाया। दुर्घटना में अर्जुन को मामूली चोटें आई। वहीं संजय के सिर में गंभीर चोट होने से डॉक्टर ने इलाज कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।



